चीखों, आंसुओं और भारी सुरक्षा के बीच सातवीं के छात्र सोनू का अंतिम संस्कार; कथित प्रेम संबंध और हत्या की साजिश के एंगल पर जांच तेज, दोषियों को फांसी देने की उठी मांग
रक्सौल/भेलाही/सिकटा।(Vor desk)। पश्चिम चंपारण के चर्चित छात्र सोनू कुमार पटेल (14) हत्याकांड ने शुक्रवार को एक बार फिर भारत-नेपाल सीमावर्ती क्षेत्र को गहरे शोक और आक्रोश में डुबो दिया। पोस्टमार्टम के बाद जब सोनू का शव रक्सौल प्रखंड के भेलाही गांव पहुंचा, तो पूरे इलाके में मातम पसर गया। परिजनों की चीख-पुकार, ग्रामीणों की उमड़ी भीड़ और भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सातवीं कक्षा के छात्र का अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान परिजनों और ग्रामीणों ने दोषियों को फांसी देने तथा मामले में त्वरित न्याय की मांग की।
स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए रक्सौल सहित आसपास के कई थानों की पुलिस टीमों को गांव में तैनात किया गया था। पुलिस अधिकारियों की निगरानी में अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी कराई गई। पूरे दिन गांव में गम, गुस्सा और बेचैनी का माहौल बना रहा।
स्कूल से लौटते समय लापता हुआ था सोनू...









