
- एसएसबी और हरैया पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, भारत-नेपाल नेटवर्क की जांच शुरू
- नेपाल से ऑल्टो कार के डैशबोर्ड में छिपाकर लाया जा रहा था मादक पदार्थ
रक्सौल।(Vor desk)।
दशहरा पर्व को लेकर भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में बरती जा रही विशेष सतर्कता और सघन जांच अभियान के दौरान पुलिस एवं एसएसबी की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर हरैया थाना क्षेत्र के सिवान टोला के पास छापेमारी कर एक सफेद रंग की ऑल्टो कार से 25 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। मौके से एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया है।
गुप्त सूचना पर बनी संयुक्त टीम
मामले की जानकारी देते हुए रक्सौल के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) मनीष आनंद ने मीडिया को बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नेपाल की ओर से सिवान टोला के रास्ते एक भारतीय नंबर की ऑल्टो कार (BR 06 CM 9324) में गांजा छिपाकर रक्सौल की ओर लाया जा रहा है।
सूचना के सत्यापन के बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में हरैया पुलिस और एसएसबी की 47वीं वाहिनी की एक संयुक्त टीम गठित की गई। टीम में एसएसबी के सहायक कमांडेंट दीपांशु चौहान, हरैया थाना प्रभारी किशन पासवान सहित पुलिस और एसएसबी के जवान शामिल थे।

डैशबोर्ड में छिपाकर रखे गए थे 12 बंडल
संयुक्त टीम ने सिवान टोला स्थित चेकपोस्ट के पास वाहन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान नेपाल की दिशा से आ रही संदिग्ध सफेद ऑल्टो कार को रोककर जब बारीकी से तलाशी ली गई, तो कार के डैशबोर्ड के अंदर काले और लाल रंग के प्लास्टिक में छिपाकर रखे गए गांजे के 12 बंडल बरामद हुए। बरामद गांजे का कुल वजन लगभग 25 किलोग्राम बताया गया है।

स्थानीय तस्कर गिरफ्तार, नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने मौके से कार चालक सह तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान सिवान टोला (थाना हरैया, पूर्वी चंपारण) निवासी अंबिका पटेल (राउत) के 30 वर्षीय पुत्र बिट्टू उर्फ बिकू पटेल के रूप में की गई है।
एसडीपीओ ने बताया कि अभियुक्त को हिरासत में लेकर हरैया थाने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस तस्करी में भारत और नेपाल के कौन-कौन से धंधेबाज शामिल हैं। साथ ही गांजे की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था, इसकी भी गहन पड़ताल की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
