
छौड़ादानो।(Vor desk)। आगामी त्योहारों और प्रतिमा विसर्जन को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण तथा सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से छौडादानो स्थित नहर चौक पर शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) की संयुक्त अध्यक्षता में हुई इस बैठक में पूजा आयोजनों और विसर्जन प्रक्रिया को सुव्यवस्थित करने के लिए संबंधित अधिकारियों व शांति समिति के सदस्यों को कई कड़े व आवश्यक निर्देश जारी किए गए। इस बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ), अंचल अधिकारी (सीओ), छौडादानो तथा दरपा थाना के थानाध्यक्ष (एसएचओ) समेत क्षेत्र के गणमान्य लोग एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पूजा के दौरान डीजे पर पूरी तरह से प्रतिबंध लागू रहेगा। लाउडस्पीकर की आवाज को ध्वनि प्रदूषण अधिनियम के मानकों के अनुरूप रखने और निर्धारित समय-सीमा का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया गया है। इसके अलावा, सभी पूजा समितियों एवं आयोजकों के लिए समय रहते अनिवार्य लाइसेंस व अनुमति प्राप्त करना आवश्यक कर दिया गया है। पूजा पंडालों और वहां तक पहुँचने वाले रास्तों पर सीसीटीवी कैमरे, पर्याप्त रोशनी और महिला व पुरुषों के लिए अलग-अलग तथा सुरक्षित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। अग्निकांड जैसी घटनाओं से बचाव के लिए जनरेटर व बिजली व्यवस्था में नंगे तारों के इस्तेमाल पर रोक लगाई गई है तथा पंडालों में पर्याप्त संख्या में अग्निशामक यंत्र (फायर एक्सटिंग्विशर) रखना अनिवार्य किया गया है।
प्रशासन ने प्रतिमा विसर्जन की तिथियों और व्यवस्थाओं को लेकर भी दिशा-निर्देश जारी किए। सभी पूजा समितियों को 22 अक्टूबर तक प्रतिमाओं का विसर्जन अनिवार्य रूप से पूरा करने का आदेश दिया गया है। विसर्जन के लिए केवल प्रशासन द्वारा पूर्व निर्धारित मार्गों और विसर्जन स्थलों का ही उपयोग किया जाएगा। इस दौरान भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। बीडीओ, सीओ और संबंधित थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों के विसर्जन स्थलों का संयुक्त निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा करने तथा सुरक्षा के लिहाज से मजबूत बैरिकेडिंग कराने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक के अंत में प्रशासनिक अधिकारियों ने आम नागरिकों और पूजा समितियों से किसी भी तरह की अफवाह या भ्रामक सूचना पर ध्यान न देने की अपील की। किसी भी खबर को आगे प्रसारित करने से पहले उसकी सत्यता जांचने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने क्षेत्रवासियों से आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी आपातकालीन या अप्रिय स्थिति की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस व प्रशासन को दी जाए।
