रक्सौल स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप: निजी अस्पताल में मरीज ले जाने के मामले की जांच शुरू, विधायक प्रमोद सिन्हा ने औचक निरीक्षण कर कर्मियों को दी सख्त हिदायत
रक्सौल (पूर्वी चंपारण)। रक्सौल अनुमंडल अस्पताल में गर्भवती मरीज को निजी नर्सिंग होम भेजने के गंभीर आरोप और उसके बाद उपजे विवाद ने अब तूल पकड़ लिया है। इस मामले में प्रशासनिक सख्ती के बीच स्थानीय विधायक प्रमोद कुमार सिन्हा ने बुधवार को अस्पताल का औचक निरीक्षण किया और पूरी व्यवस्था का जायजा लिया। एक तरफ जहाँ एसडीएम द्वारा गठित चार सदस्यीय विशेष जांच टीम ने अपनी पड़ताल शुरू कर दी है, वहीं दूसरी तरफ जनप्रतिनिधि के कड़े रुख ने अस्पताल प्रशासन और बिचौलियों के बीच खलबली मचा दी है।
विवाद की जड़ में वह घटना है जिसमें एक गर्भवती महिला कविता देवी को सरकारी अस्पताल से बहला-फुसलाकर निजी अस्पताल ले जाने और परिजनो से दुर्व्यवहार का आरोप लगा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम मनीष कुमार ने एक उच्चस्तरीय जांच कमेटी का गठन किया, जिसने मंगलवार को अस्पताल पहुँचकर पीड़ित महिला के पिता का ब...









