
रक्सौल में 47वीं वाहिनी की रैली ने दिया राष्ट्रभक्ति, स्वस्थ जीवन और पर्यावरण संरक्षण का संदेश
रक्सौल।(Vor desk)। तिरंगे की आन, बान और शान के साथ देशभक्ति के नारों से रविवार को रक्सौल का माहौल राष्ट्रप्रेम से सराबोर हो गया। आगामी स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर 47वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), रक्सौल की ओर से साइकिल रैली निकाली गई। रैली में एसएसबी के अधिकारी-जवानों के साथ उनके बच्चे, स्थानीय युवा और प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े मीडियाकर्मी भी शामिल हुए।
साइकिलों पर सवार जवानों और युवाओं के कदम आगे बढ़ते रहे और रास्ते भर ‘भारत माता की जय’ तथा ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष गूंजते रहे। देशभक्ति गीतों के बीच निकली रैली ने लोगों को स्वतंत्रता दिवस के उत्सव से जुड़ने के साथ राष्ट्र की एकता और अखंडता के प्रति अपनी जिम्मेदारी का संदेश दिया।
तिरंगा हर घर की शान बने, यही संदेश
रैली का उद्देश्य केवल देशभक्ति की भावना जगाना ही नहीं, बल्कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के प्रति लोगों को जागरूक करना और अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करना भी था। एसएसबी जवानों ने लोगों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों पर तिरंगा फहराने तथा राष्ट्रीय पर्व को पूरे उत्साह और सम्मान के साथ मनाने की अपील की।
रैली जिस मार्ग से गुजरी, वहां स्थानीय लोगों में भी खासा उत्साह दिखा। लोगों ने रैली का स्वागत किया और प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया। बच्चों और युवाओं की भागीदारी ने आयोजन को और खास बना दिया।
साइकिल बनी स्वस्थ भारत और स्वच्छ पर्यावरण का संदेशवाहक
एसएसबी ने साइकिल रैली के जरिए राष्ट्रभक्ति के साथ स्वस्थ जीवनशैली, पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा बचत का संदेश भी दिया। अधिकारियों ने कहा कि दैनिक जीवन में साइकिल के इस्तेमाल को बढ़ावा देने से स्वास्थ्य बेहतर रखने के साथ ईंधन की खपत और प्रदूषण को कम करने में भी मदद मिल सकती है।
रैली के माध्यम से लोगों को ऊर्जा के विवेकपूर्ण उपयोग और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी याद दिलाने का अवसर
एसएसबी अधिकारियों ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति अपने दायित्वों को याद करने का दिन भी है। ऐसे आयोजनों के जरिए समाज के विभिन्न वर्गों को राष्ट्रीय भावना से जोड़ने और देशहित के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम में 47वीं वाहिनी एसएसबी रक्सौल के उप कमांडेंट नवीन कुमार साह, उप कमांडेंट रवि प्रताप वर्मा एवं उप कमांडेंट खेम राज सहित वाहिनी के अधिकारी और बलकर्मी मौजूद रहे।
