Monday, August 10

‘वंदे मातरम्’ के सुरों से गूंजा रक्सौल, राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा शहर

‘वंदे मातरम्’ के सुरों से गूंजा रक्सौल

सामूहिक गायन में उमड़ा राष्ट्रभक्ति का जज्बा, छात्राओं और नागरिकों ने लिया हिस्सा

रक्सौल। (Vor Desk) राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर रविवार को भारत विकास परिषद, रक्सौल शाखा की ओर से पोस्ट ऑफिस रोड स्थित श्रीराम-जानकी मंदिर परिसर के नटराज सेवा संगम कार्यालय में सामूहिक गायन आयोजित किया गया। राष्ट्रगीत के सामूहिक स्वर से पूरा परिसर राष्ट्रभक्ति से गूंज उठा।

कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता और बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय के तैलचित्र पर पुष्पांजलि से हुई। सरस्वती विद्या मंदिर की छात्राओं, परिषद सदस्यों, नटराज सेवा संगम के कलाकारों और नगरवासियों ने सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया। धीरज कुमार के निर्देशन में भारत माता और स्वामी विवेकानंद के स्वरूप कार्यक्रम का आकर्षण रहे।

संगीत गुरु संजय कुमार दास के संगीत संयोजन और जूही राज के सहयोग से आयोजन हुआ। परिषद अध्यक्ष रजनीश प्रियदर्शी एवं संयोजक अजय कुमार ने बताया कि संस्कृति मंत्रालय और कला, संस्कृति एवं युवा विभाग के दिशा-निर्देश पर 9 से 17 अगस्त तक सामूहिक गायन, प्रदर्शनी, तिरंगा यात्रा, ‘सेल्फी विद तिरंगा’ और तिरंगा रंगोली जैसे आयोजन होंगे।

सचिव नरेश कुमार एवं मीडिया प्रभारी बिमल कुमार सर्राफ ने कहा कि आयोजन का उद्देश्य नई पीढ़ी में भारतीय संस्कृति, राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना मजबूत करना है। संरक्षक भरत प्रसाद गुप्त व अवधेश सिंह ने भी आयोजन को युवाओं को स्वतंत्रता आंदोलन की प्रेरणाओं से जोड़ने वाला बताया।

अंत में जूही राज एवं संजय दास को अंगवस्त्र व मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ। मौके पर योगेन्द्र प्रसाद, सुनील कुमार, दिनेश प्रसाद, विनोद कुमार, अरविंद जायसवाल, विवेक कुमार चौरसिया, धर्मनाथ प्रसाद, शरद सर्राफ, पन्नालाल प्रसाद, अंकेश्वर सर्राफ, राजेश आर्य, सुरेश कुमार, बलराम प्रसाद, पूरन पटेल, अखिलेश कुमार गुप्ता व नीरज गुप्ता सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!