
रक्सौल।(Vor desk)। सूखा नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत हरैया थाना पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने रविवार को कार्रवाई करते हुए करीब पांच किलोग्राम गांजा के साथ एक कारोबारी को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
हरैया थाना पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 9 अगस्त 2026 को पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम बाइपास स्थित सातों माई मंदिर के पास संदिग्ध गतिविधियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसके पास से करीब पांच किलोग्राम मादक पदार्थ (गांजा जैसा) बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान लालबाबू प्रसाद (पिता-भरत महतो), निवासी रामपुर, थाना सुगौली, जिला पूर्वी चंपारण के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार उसका वर्तमान पता परसा, नेपाल है।
पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ के साथ आरोपी की मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया है। हरैया थाना पुलिस के अनुसार मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई में हरैया थाना पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम शामिल रही।(रिपोर्ट: श्रेयांश कुमार बिट्टू)
