
जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी ने अनुमंडल अस्पताल का किया निरीक्षण, टीकाकरण व एचपीवी वैक्सीनेशन की समीक्षा
रक्सौल, (VOR Desk)। जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. शरत चंद्र शर्मा ने शनिवार को अनुमंडल अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने डेंगू वार्ड के लिए चिह्नित कक्ष का जायजा लेते हुए सोमवार तक सात बेड का डेंगू वार्ड तैयार करने का निर्देश दिया। वार्ड में मानक के अनुरूप सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा।
डॉ. शर्मा ने डेंगू को लेकर सतर्कता बरतने तथा संदिग्ध या लक्षण वाले मरीजों की तत्काल जांच और समय पर उपचार शुरू करने का निर्देश दिया। उन्होंने लोगों को डेंगू से बचाव के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया। बताया कि जिला स्तर पर डेंगू के 5 मामले सामने आए हैं, जिनमें 2 मरीज जिले के थे। दोनों उपचार के बाद स्वस्थ हो चुके हैं।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने नियमित टीकाकरण कक्ष की समीक्षा की। इसके बाद एचपीवी टीकाकरण की स्थिति भी जानी। उन्होंने टीके से वंचित और छूटी हुई पात्र किशोरियों को चिह्नित कर टीकाकरण कराने का निर्देश दिया। साथ ही कहा कि एचपीवी वैक्सीनेशन की गति सुस्त नहीं पड़नी चाहिए और स्वास्थ्यकर्मी लगातार लाभार्थियों का फॉलोअप करें।
