भारत विकास परिषद की कार्यशाला में संगठन सुदृढ़ीकरण पर मंथन, पांच नए सदस्य बने
रक्सौल।(Vor desk)। भारत विकास परिषद, शाखा-रक्सौल की ओर से शुक्रवार को लक्ष्मीपुर स्थित महाराजा बैंक्वेट हॉल में शाखा स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में परिषद के पंचसूत्र—संपर्क, सहयोग, संस्कार, सेवा एवं समर्पण—को व्यवहार में उतारने, संगठनात्मक अनुशासन को मजबूत करने तथा सेवा गतिविधियों के विस्तार पर मंथन किया गया। इस दौरान पांच नए सदस्यों ने परिषद की सदस्यता ग्रहण की।
कार्यक्रम का शुभारंभ शाखा अध्यक्ष रजनीश प्रियदर्शी के नेतृत्व में क्षेत्रीय एवं प्रांतीय पदाधिकारियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन, भारत माता एवं स्वामी विवेकानंद के तैलचित्र पर पुष्पांजलि तथा सरस्वती विद्या मंदिर, रक्सौल की छात्राओं के वंदे मातरम् एवं स्वागत गीत के साथ हुआ।
स्वागत भाषण में रजनीश प्रियदर्शी ने कहा कि परिषद सेवा, संस्कार और समर्पण के माध्यम से राष्ट्र निर्माण का कार्य कर रही है। प्रथम सत्...









