Tuesday, June 30

बारा में दर्दनाक हादसा: पार्किंग में खड़ी इलेक्ट्रिक कमर्शियल गाड़ी अचानक चली, खेल रही मासूम की मौत


वीरगंज।(Vor desk)।नेपाल के बारा जिला अंतर्गत महागढीमाई नगरपालिका-1 में एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। वार्ड कार्यालय के सामने पार्किंग में खड़ी एक इलेक्ट्रिक मालवाहक (कमर्शियल) गाड़ी अचानक चालू होकर आगे बढ़ गई, जिसकी चपेट में आने से एक 6 वर्षीय मासूम बच्ची की जान चली गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना रविवार सुबह की है। वार्ड कार्यालय के सामने मधेस प्रदेश 03-002 स 2862 नंबर की एक इलेक्ट्रिक मालवाहक गाड़ी खड़ी थी। उस समय गाड़ी के आसपास और उसमें पांच से सात बच्चे खेल रहे थे। इसी दौरान बिना चालक के ही गाड़ी अचानक स्टार्ट होकर आगे बढ़ गई, जिससे वहां खेल रहे बच्चे इसकी चपेट में आ गए।
इस हादसे में स्थानीय निवासी सजाद मियां की 6 वर्षीय बेटी तबसुन खातून गंभीर रूप से घायल हो गई। दुर्घटना के तुरंत बाद घायल बच्ची को इलाज के लिए प्रादेशिक अस्पताल कलैया ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद स्थानीय पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दुर्घटना के सही कारणों की जांच शुरू कर दी है। इसके साथ ही पुलिस ने वाहन मालिकों और अभिभावकों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि पार्किंग में वाहनों को हमेशा सुरक्षित लॉक करके खड़ा करें और बच्चों को ऐसे वाहनों के आसपास कतई न खेलने दें, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!