
रक्सौल।(Vor desk)। भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नेपाल के पर्सा जिले में सशस्त्र पुलिस बल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 11 किलोग्राम संदिग्ध गांजा के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पर्सा जिले के बिंदवासिनी गांवपालिका-4 स्थित अमरपट्टी सीमा क्षेत्र में की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार तड़के करीब दो बजे सशस्त्र पुलिस बल नेपाल के बॉर्डर आउट पोस्ट प्रसौनीभाठ्ठा और बॉर्डर आउट पोस्ट अमरपट्टी की संयुक्त पैदल गश्ती टीम सीमा क्षेत्र में नियमित जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान टीम ने संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे एक व्यक्ति को रोककर पूछताछ और तलाशी ली।
तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद प्लास्टिक की बोरी से दो पैकेटों में रखा करीब 11 किलोग्राम गांजा जैसा संदिग्ध मादक पदार्थ बरामद किया गया। इसके बाद सशस्त्र पुलिस ने उसे तत्काल हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान पर्सा जिले के बहुदरमाई नगरपालिका-8 स्थित रामनगरी निवासी 58 वर्षीय मनोहर सहनी के रूप में हुई है। सशस्त्र पुलिस के अनुसार, वह भारत की ओर जा रहा था, तभी उसे सीमा क्षेत्र में पकड़ा गया।
सशस्त्र पुलिस बल नेपाल नंबर-13 गण मुख्यालय, पर्सा के सूचना अधिकारी एवं सशस्त्र प्रहरी नायब उपरीक्षक मोहनराज निरौला ने बताया कि बरामद संदिग्ध गांजा और गिरफ्तार आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए अमरपट्टी पुलिस चौकी को सौंप दिया गया है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच जारी है तथा मादक पदार्थ की तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
नेपाल पुलिस और सशस्त्र पुलिस बल ने स्पष्ट किया है कि भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए निगरानी और जांच अभियान लगातार जारी रहेगा।
