सूर्य मंदिर तालाब में मिला 11 किलो का विशाल कछुआ, रक्सौल में आस्था और पर्यावरण संरक्षण पर छिड़ी नई चर्चा
जानकार बोले — जीवित है तालाब का प्राकृतिक संतुलन
रक्सौल।(Vor desk)। शहर के मुख्य पथ स्थित प्राचीन सूर्य मंदिर परिसर इन दिनों एक अनोखी घटना को लेकर चर्चा का केंद्र बना हुआ है। मंदिर के पवित्र तालाब से करीब 11 किलो वजनी विशाल कछुए के मिलने के बाद श्रद्धालुओं, स्थानीय लोगों और पर्यावरण प्रेमियों में कौतूहल का माहौल है। लोग इसे केवल एक जलीय जीव की मौजूदगी नहीं, बल्कि धार्मिक आस्था, प्रकृति संरक्षण और पर्यावरण संतुलन के विशेष संदेश के रूप में देख रहे हैं।
जानकारी के अनुसार सूर्य मंदिर के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण कार्य के तहत तालाब की उड़ाही कराई जा रही थी। इसी दौरान तालाब के भीतर अचानक विशालकाय कछुआ दिखाई दिया। देखते ही देखते मंदिर परिसर में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।
सनातन परंपरा में कछुए को धैर्य, स्थिरता, समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक माना जाता है। धार्मिक मान्य...









