Tuesday, May 19

नेपाल में बेचने के लिए चोरी की बाइक का नंबर बदलने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़, चार गिरफ्तार

रक्सौल/आदापुर। भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में चोरी की मोटरसाइकिलों का नंबर प्लेट बदलकर नेपाल में बेचने वाले अंतरराज्यीय बाइक चोर गिरोह का आदापुर थाना पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दो चोरी की सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिलों के साथ चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

मोतिहारी पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, 18 मई 2026 को आदापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत भारत-नेपाल सीमा स्थित मटियरवा बॉर्डर के पास वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान बीआर 05 आर 3479 और बीआर 05 आर 5111 नंबर की दो मोटरसाइकिलों को रोककर एचएचडी मशीन से जांच की गई। जांच में बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर और चेचिस नंबर में अंतर पाया गया, जिसके बाद मामला संदिग्ध लगने पर पुलिस ने दोनों बाइक चालकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान नेपाल के बारा जिला अंतर्गत मटियरवा थाना क्षेत्र निवासी रंजन कुमार साह तेली तथा आनंद कुमार साह तेली के रूप में हुई। पूछताछ में दोनों ने बताया कि उन्होंने उक्त बाइक आदापुर निवासी हृदयेश कुमार जायसवाल से 14 हजार नेपाली रुपये में खरीदी थी।

इसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर आदापुर थाना क्षेत्र के बेलदरवा निवासी हृदयेश कुमार जायसवाल को गिरफ्तार किया। पूछताछ में हृदयेश ने खुलासा किया कि चोरी की मोटरसाइकिलें आदापुर थाना क्षेत्र के लाला छपरा निवासी अजय कुमार उर्फ हरिओम कुमार बिक्री के लिए लेकर आया था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अजय उर्फ हरिओम कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में अजय कुमार ने स्वीकार किया कि वह चोरी की मोटरसाइकिलों का नंबर प्लेट बदलकर, फर्जी कागजात तैयार कर तथा चेचिस नंबर में टैंपरिंग कर नेपाल में बेचने का काम करता था। गिरोह सीमा क्षेत्र में सक्रिय था और चोरी की बाइक को नेपाल में खपाने का नेटवर्क चला रहा था।

आदापुर थानाध्यक्ष पूजा कुमारी ने बताया कि गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और चोरी की अन्य मोटरसाइकिलों के संबंध में भी जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!