
भारत-नेपाल सीमा पर अवैध करेंसी एक्सचेंज के खिलाफ बड़ी कार्रवाई,
रक्सौल।(Vor desk)। भारत-नेपाल सीमा पर अवैध करेंसी एक्सचेंज कारोबार के खिलाफ रक्सौल थाना पुलिस और एसटीएफ पटना की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में नेपाली एवं भारतीय मुद्रा बरामद की है। कार्रवाई के दौरान दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी सह रक्सौल थानाध्यक्ष हेमंत कुमार सिंह के नेतृत्व में सब्जी बाजार स्थित एक मिठाई (चीनी )दुकान में संयुक्त छापेमारी की गई। गुप्त सूचना मिली थी कि उक्त स्थान पर अवैध रूप से करेंसी एक्सचेंज का कारोबार संचालित किया जा रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद एसटीएफ पटना के सहयोग से कार्रवाई की गई।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 17 लाख 87 हजार 100 नेपाली रुपये तथा 13 लाख 04 हजार 150 भारतीय रुपये बरामद किए। बरामद राशि की गिनती और उससे जुड़े दस्तावेजों की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।
मामले में नकरदेई थाना क्षेत्र के सीरीसिया वार्ड संख्या-2 निवासी मोहम्मद साहेब (पिता-मो. अनवार हुसैन) तथा रक्सौल के कौड़ीहार कॉलेज रोड निवासी रतन कुमार (पिता-राधेश्याम प्रसाद) को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, मोहम्मद साहेब अवैध करेंसी एक्सचेंज कारोबार संचालित कर रहा था, जबकि रतन कुमार पैसे बदलवाने के लिए वहां पहुंचा था। हिरासत में लिए गए दोनों व्यक्तियों से पूछताछ जारी है तथा इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
थानाध्यक्ष हेमंत कुमार सिंह ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। उन्होंने कहा कि भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में अवैध आर्थिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
इस संयुक्त अभियान में एसटीएफ पटना के डिप्टी एसपी राजीव कुमार लाल, रक्सौल के एसडीपीओ मनीष आनंद, प्रशिक्षु आईपीएस सह रक्सौल थानाध्यक्ष हेमंत कुमार सिंह, हरैया थानाध्यक्ष किशन कुमार पासवान, अपर थानाध्यक्ष रवि कुमार, लालबहादुर, कृष्ण मुरारी, जितेंद्र कुमार समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी शामिल थे।
पुलिस पूरे मामले में बरामद मुद्रा, दस्तावेजों और संभावित नेटवर्क की गहन जांच में जुटी हुई है।(रिपोर्ट: पीके गुप्ता)
