
नेपाली करेंसी एक्सचेंज के लिए फिलहाल करना होगा इंतजार
रक्सौल।(Vor desk)। भारत-नेपाल सीमा से जुड़े अंतरराष्ट्रीय महत्व के शहर रक्सौल में सोमवार से विदेशी मुद्रा विनिमय (फॉरेन करेंसी एक्सचेंज) सुविधा की औपचारिक शुरुआत हो गई। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) पटना शाखा के रीजनल डायरेक्टर ने शहर स्थित की मुख्य शाखा तथा शाखा में फॉरेन करेंसी एक्सचेंज काउंटर का उद्घाटन किया। इस दौरान आरबीआई के जीएम भी मौजूद रहे।
उद्घाटन समारोह के दौरान रीजनल डायरेक्टर सुजीत कुमार अरविंद ने कहा कि रक्सौल भारत-नेपाल सीमा पर स्थित एक महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय शहर है, जिसका नेपाल के साथ गहरा आर्थिक, सामाजिक और व्यापारिक संबंध है। सीमा क्षेत्र में लंबे समय से विदेशी मुद्रा विनिमय सुविधा की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जिसे देखते हुए यह पहल शुरू की गई है।
उन्होंने कहा कि आरबीआई का उद्देश्य बैंकिंग सेवाओं को अधिक सुलभ, पारदर्शी और सुविधाजनक बनाना है, ताकि ग्राहकों को अधिकृत बैंकिंग व्यवस्था के तहत भारतीय और विदेशी मुद्रा विनिमय की बेहतर सुविधा मिल सके। उन्होंने बताया कि फिलहाल रक्सौल और जोगबनी में इस सेवा की शुरुआत की गई है तथा आगे नेपाल सीमा से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण शहरों और बैंक शाखाओं में भी चरणबद्ध तरीके से फॉरेन करेंसी एक्सचेंज काउंटर खोले जाएंगे।
नेपाली मुद्रा विनिमय को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने स्पष्ट किया कि अभी नेपाली रुपये के एक्सचेंज की सुविधा शुरू नहीं की गई है। पहले चरण में विदेशी मुद्रा विनिमय सेवा प्रारंभ की गई है। आने वाले समय में लोगों की प्रतिक्रिया, आवश्यकता और बैंकिंग फीडबैक का आकलन करने के बाद नेपाली मुद्रा विनिमय सुविधा शुरू करने पर भी विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान में सभी कार्य आरबीआई के नियमों और बैंकिंग प्रोटोकॉल के अनुरूप किए जा रहे हैं।
रीजनल डायरेक्टर ने साइबर सुरक्षा को लेकर भी लोगों को जागरूक रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि डिजिटल बैंकिंग के बढ़ते उपयोग के साथ साइबर हाइजीन का पालन बेहद जरूरी है। किसी भी अनजान कॉल पर ओटीपी, पासवर्ड या बैंकिंग जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए। साथ ही केवल आधिकारिक वेबसाइट और अधिकृत मोबाइल ऐप का ही उपयोग करना चाहिए।
कार्यक्रम में एसबीआई के उप महाप्रबंधक प्रफुल्ल कुमार झा, रीजनल मैनेजर संजीव कुमार सिंह, मुख्य शाखा के चीफ मैनेजर प्रेम शंकर ठाकुर, एचडीएफसी बैंक के जोनल हेड धर्मेंद्र कुमार, क्लस्टर हेड अशोक कुमार, ब्रांच मैनेजर हिमांशु शेखर तथा डिप्टी मैनेजर विवेक कुमार समेत कई बैंक अधिकारी और गण मान्य मौजूद रहे।
