रक्सौल में पहली बार अधिकृत विदेशी मुद्रा विनिमय सुविधा, लेकिन नेपाली करेंसी पर बनी रहेगी पुरानी परेशानी!
डॉलर-पाउंड बदलेंगे, नेपाली रुपये नहीं; सीमा क्षेत्र में नई व्यवस्था को लेकर उत्साह और सवाल दोनों
रक्सौल।(Vor desk)। भारत-नेपाल सीमा से जुड़े अंतरराष्ट्रीय महत्व के शहर रक्सौल में पहली बार अधिकृत विदेशी मुद्रा विनिमय (मनी एक्सचेंज) सुविधा शुरू होने जा रही है। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की पहल पर शहर में दो विदेशी मुद्रा विनिमय काउंटर खोले जा रहे हैं, जहां डॉलर, पाउंड, यूरो समेत विभिन्न विदेशी मुद्राओं का विनिमय किया जा सकेगा।
सीमावर्ती क्षेत्र में लंबे समय से महसूस की जा रही इस जरूरत को लेकर लोगों में उत्साह है, क्योंकि इससे तीसरे देशों के विदेशी नागरिकों, पर्यटकों और विदेश यात्रा पर जाने वाले लोगों को काफी सहूलियत मिलने की उम्मीद है। हालांकि, नेपाली करेंसी के विनिमय की सुविधा नहीं मिलने से स्थानीय व्यापारियों और सीमा पार आवागमन करने वाले लोगों में मायूसी भी देखी जा रही है।
...









