
रक्सौल।(Vor desk)। राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ और राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के कथित अनादर के विरोध में रविवार को भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा (भाजयुमो) के कार्यकर्ताओं ने रक्सौल में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने भी भाग लिया। इस दौरान राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी का पुतला दहन कर विरोध जताया गया।
भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत के प्रति अनादर का रवैया अपनाया गया। इसे लेकर कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जताई और राष्ट्रीय प्रतीकों के सम्मान की मांग की।
भाजयुमो जिलाध्यक्ष धीरेंद्र यादव ने कहा कि राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत देश की संप्रभुता, अखंडता, गौरव और राष्ट्रभक्ति के प्रतीक हैं। इनके सम्मान से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय प्रतीकों के सम्मान की रक्षा के लिए भाजयुमो कार्यकर्ता हमेशा मजबूती से आवाज उठाते रहेंगे।
भाजयुमो जिला महामंत्री कमलेश कुमार ने कहा कि राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत देश के करोड़ों नागरिकों की भावनाओं से जुड़े हैं। इनके प्रति किसी भी प्रकार का कथित अनादर देशवासियों की भावनाओं को आहत करता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं के रवैये के खिलाफ भाजयुमो ने लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया है।
भाजपा महिला मोर्चा की जिला महामंत्री पार्वती तिवारी ने कहा कि राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत किसी दल या विचारधारा के नहीं, बल्कि पूरे देश की अस्मिता और गौरव के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय प्रतीकों के कथित अनादर को लेकर देशवासियों में स्वाभाविक आक्रोश है। ऐसे मामलों में राजनीतिक मतभेद से ऊपर उठकर राष्ट्र और राष्ट्रीय प्रतीकों के सम्मान को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
प्रदर्शन में भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष मदन पटेल, उपाध्यक्ष नीरज कुशवाहा, राहुल गुप्ता, आदापुर पूर्व मोर्चा अध्यक्ष चंदन कुमार, विजय कुशवाहा, दीपक सिंह सहित भाजयुमो और भाजपा महिला मोर्चा के अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
