
आदापुर। (Vor Desk) चोरी के मामले में गिरफ्तार एक आरोपी पुलिस को चकमा देकर आदापुर थाना से फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस और चौकीदारों की टीम भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र समेत उसके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। हालांकि, अब तक आरोपी का कोई सुराग नहीं मिल सका है।
जानकारी के अनुसार, आदापुर थाना क्षेत्र में हुई चोरी की घटना के बाद सीसीटीवी फुटेज के आधार पर ग्रामीणों ने एक संदिग्ध की पहचान की थी। इसके बाद जमुनापुर गांव के ग्रामीणों ने संदिग्ध चोर को पकड़कर आदापुर पुलिस के हवाले किया। पुलिस पूछताछ में मिली जानकारी और उसकी निशानदेही के आधार पर रामगढ़वा थाना क्षेत्र के मुरला गांव से एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार कर आदापुर थाना लाया गया था।
बताया जाता है कि थाना में पुलिसकर्मियों की निगरानी के बीच आरोपी ने सुबह शौच जाने की बात कही। इसी दौरान वह पुलिस को चकमा देकर थाना परिसर से फरार हो गया। आरोपी के फरार होने की जानकारी मिलते ही पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी।
इधर, थाना से आरोपी के फरार होने की घटना में एक चौकीदार की भूमिका भी संदिग्ध बताई जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि वह पुलिस की निगरानी से कैसे निकल भागा।
पुलिस की टीमें भारत-नेपाल सीमा और आसपास के इलाकों में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
