छौड़ादानो की बेटी पूजा बनीं डीएसपी, 70वीं बीपीएससी में सफलता से बढ़ाया जिले का मान
रक्सौल/छौड़ादानो।(Vor desk)।पूर्वी चंपारण जिले के छौड़ादानो प्रखंड अंतर्गत जितपुर गांव की बेटी कुमारी पूजा कुमारी ने बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) पद पर चयनित होकर अपने परिवार, गांव, क्षेत्र और पूरे जिले का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी का माहौल है और युवाओं में उत्साह का संचार हुआ है।कुमारी पूजा कुमारी, सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) में कार्यरत उमेश राम की पुत्री हैं। साधारण परिवार से आने वाली पूजा ने अपनी कड़ी मेहनत, लगन, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। उनकी सफलता को क्षेत्र की बेटियों और युवाओं के लिए प्रेरणादायी माना जा रहा है।पूजा कुमारी की इस उपलब्धि पर बिहार सरकार के पूर्व मंत्री डॉ. शमीम अहमद ने जितपुर गांव पहुंचकर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। ...









