Sunday, September 6

नेपाल के पोखरा में फेवा झील हादसा: रक्सौल के दो होनहार युवकों की मौत, शव पहुंचते ही मचा कोहराम

रक्सौल (पूर्वी चंपारण)।(Vor desk)।
नेपाल के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पोखरा स्थित फेवा झील में भीषण कार दुर्घटना के शिकार हुए रक्सौल के दो होनहार युवकों—नवदीप यादव (26) और प्रियांशु पांडे(23 )के पार्थिव शरीर शनिवार तड़के जैसे ही उनके गृह नगर पहुंचे, पूरे इलाके में चीख-पुकार मच गई। परिजनों के भारी क्रंदन और मातम के बीच दोनों युवकों को अंतिम विदाई दी गई। नवदीप का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव लौकाहा में संपन्न हुआ, जबकि प्रियांशु को शहर के खेखरिया मोक्ष धाम में मुखाग्नि दी गई।

परिजनों में मचा कोहराम

शनिवार तड़के करीब 5:30 बजे वीरगंज बॉर्डर क्रॉस कर जैसे ही पार्थिव शरीर घर पहुंचे, प्रियांशु की मां निभा पांडे और नवदीप की मां प्रभा देवी अपने बेटों के शव से लिपटकर सुध-बुध खो बैठीं। बदहवास प्रभा देवी का रो-रोकर बुरा हाल था।परिजनों के इस मार्मिक विलाप ने वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम कर दीं।

50 से अधिक बाइकों के साथ पोखरा पहुंचे थे युवा
शुक्रवार सुबह हादसे की खबर मिलते ही रक्सौल से परिजनों और स्थानीय युवाओं का एक बड़ा काफिला मोटरसाइकिलों से पोखरा रवाना हुआ था। नेपाल में पोस्टमार्टम और कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद शनिवार भोर में शव रक्सौल लाए गए। नवदीप के चाचा व राजद नेता राम बाबू यादव के आवास पर पूर्व विधायक मदन मोहन तिवारी, डॉ. गौतम कुमार, राजद नेता कपिलदेव प्रसाद यादव, ओम प्रकाश साहनी, रवि मस्करा और जन सुराज नेत्री पूर्णिमा भारती समेत कई गणमान्य लोगों ने पहुंचकर शोकाकुल परिजनों को सांत्वना दी।

सनराइज देखने निकले थे दोस्त, एयरबैग और सीट बेल्ट बने ‘काल’

परिजनों के अनुसार, कास्की जिले के पोखरा महानगरपालिका-18 स्थित गैरीचौतारा मोड़ पर शुक्रवार सुबह करीब 4:50 बजे सामने से आ रहे वाहन से बचने के प्रयास में कार (BR 05 BB 6759) अनियंत्रित होकर करीब 20 मीटर नीचे फेवा झील में जा गिरी। दुर्घटना के समय कार नवदीप यादव चला रहा था। एयरबैग खुलने और सीट बेल्ट बंधी होने के कारण दोनों युवक कार के अंदर ही फंस गए, जिससे उनकी डूबने से मौत हो गई।

दो दोस्त सुरक्षित निकले, एक की बिगड़ी तबीयत ने बचाई जान
रेस्क्यू ऑपरेशन में कार में सवार ढाका के बड़हरवा फत्तेमहम्मद निवासी अनमोल कुमार यादव (27) और आदापुर निवासी सूरज यादव (33) को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जो अब अपने घर लौट चुके हैं। वहीं, ट्रिप पर गए पांचवें साथी बनकटवा निवासी मनोरंजन यादव की अचानक तबीयत बिगड़ने के कारण वे पोखरा के होटल में ही रुक गए थे, जिससे उनकी जान बच गई। परिवारिक सूत्रों ने बताया कि नवदीप और प्रियांशु हाल ही में दार्जिंलिंग और मध्य प्रदेश के टूर से लौटने के बाद नेपाल घूमने गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!