रक्सौल में अघोषित बिजली कटौती पर फूटा गुस्सा, विभाग की मनमानी के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी
रक्सौल।(Vor desk)। भीषण गर्मी के बीच रक्सौल में जारी अघोषित बिजली कटौती ने लोगों का सब्र तोड़ दिया है। पिछले 8 जून से शहर के विभिन्न इलाकों में बिना किसी पूर्व सूचना के घंटों बिजली आपूर्ति ठप रहने से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। हालात ऐसे हैं कि दिन में पांच से छह घंटे और रात में भी चार-पांच घंटे तक बिजली गायब रहने से लोग त्राहिमाम की स्थिति में जीने को मजबूर हैं। सबसे अधिक नाराजगी इस बात को लेकर है कि बिजली विभाग अब तक कोई सार्वजनिक रोस्टर जारी नहीं कर सका है, जिससे उपभोक्ताओं को यह पता चल सके कि कब और कितनी देर के लिए आपूर्ति बाधित रहेगी।
मंगलवार को शहर के बैंक रोड, लोहापट्टी, ग्रीन किशोर गली, सोनार पट्टी, पटेल पथ समेत मुख्य बाजार के कई हिस्सों में सुबह करीब 11 बजे से देर शाम तक बिजली गुल रही। भीषण उमस और गर्मी के बीच इन्वर्टर जवाब दे गए, मोबाइल चार्ज करना मुश्किल हो गया ...









