तिलावे नदी का तटबंध टूटा, सैकड़ों एकड़ धान की फसल बर्बाद
तिलावे नदी का तटबंध टूटा, सैकड़ों एकड़ धान की फसल बर्बाद
उचिभटिया में जलजमाव से खेत बने तालाब, 50 एकड़ में बालू जमा; मरम्मत नहीं होने पर मुखिया ने निजी स्तर पर शुरू कराया कार्य
रामगढ़वा (पूर्वी चंपारण)। प्रखंड के उचिभटिया गांव के समीप तिलावे नदी का तटबंध टूटने से किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। तटबंध टूटने के बाद सैकड़ों एकड़ में लगी धान की फसल और बिचड़े जलमग्न होकर बर्बाद हो गए हैं, जबकि लगभग 50 एकड़ कृषि भूमि पर बालू की मोटी परत जम जाने से खेती के लायक जमीन भी प्रभावित हो गई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार तटबंध टूटने के बाद तेज बहाव का पानी खेतों में फैल गया, जिससे सैकड़ों एकड़ कृषि भूमि तालाब जैसी स्थिति में बदल गई। किसानों का कहना है कि इस वर्ष की खेती पर इसका गंभीर असर पड़ेगा।
ग्रामीणों ने तटबंध टूटने के लिए लघु सिंचाई विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। ...









