
रक्सौल।(Vor desk)।
भारती पब्लिक स्कूल में रक्षाबंधन के पावन पर्व के उपलक्ष्य में एक भव्य राखी मेकिंग प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। पूरा कार्यक्रम विद्यालय के प्रधानाचार्य आमोद श्रीवास्तव की देखरेख और कुशल निर्देशन में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता के दौरान छात्र-छात्राओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।
कार्यक्रम में विद्यालय के बच्चों ने अपनी कलात्मक सोच और कल्पनाशीलता का परिचय देते हुए रेशमी धागों, मोतियों और पर्यावरण-अनुकूल (इको-फ्रेंडली) सामग्रियों के इस्तेमाल से बेहद आकर्षक एवं सुंदर राखियां तैयार कीं। बच्चों ने अपनी बनाई राखियों के माध्यम से भारतीय परंपरा और रचनात्मकता का सुंदर संगम प्रस्तुत किया।

प्रतियोगिता को सफल बनाने और विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करने में विद्यालय के शिक्षकों की सराहनीय भूमिका रही। इस अवसर पर अजय सिंह, रविंदर श्रीवास्तव, मनोज श्रीवास्तव, अरविंद कुमार, बी.के. मिश्रा, सुब्रत राज मधुकर, प्रकाश कुमार, पवन कुमार, इरफान आलम, विजय कुमार, अनमोल कुमार, अमित कुमार, गौतम कुमार के साथ-साथ शिक्षिकाओं में श्रीमती आरती देवी, रंजना देवी, खुशबू देवी, अनुराधा श्रीवास्तव, रचना कुमारी, सोनाली कुशवाहा और सलमा खातून ने मुख्य भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्रधानाचार्य आमोद श्रीवास्तव ने सभी प्रतिभागी बच्चों की जमकर सराहना की और उन्हें प्रोत्साहित किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं के आयोजन से बच्चों में न केवल छिपी हुई कलात्मक क्षमता और रचनात्मकता का सर्वांगीण विकास होता है, बल्कि वे अपनी समृद्ध भारतीय संस्कृति, परंपराओं और त्योहारों के प्रति अधिक संवेदनशील और जागरूक बनते हैं।
