रक्सौल:शांति- सौहार्द एवं भाईचारा के माहौल में मना ईद उल फितर!
रक्सौल।( vor desk )।ईद-उल-फितर का पर्व रक्सौल अनुमण्डल समेत संपूर्ण सीमाई क्षेत्र में धूमधाम से मनाया गया। सुबह से ही ईद की नमाज अदा करने को लेकर इबादतगाहों में रोजेदारों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई। इसके बाद मौलानाओं ने इबादत के लिए आए मोमिनों को जीवन जीने का सबक पढ़ाने की तकरीरें कीं। अकीदत से ईद की नमाज अदा करने के बाद लाखों हाथों ने वतन में शांति और सबकी खुशहाली की दुआएं मांगी। वैश्विक महामारी कोरोना काल की दो ईद बीतने के बाद मंगलवार को तीसरी ईद के मुबारक मौके पर लोग दिल खोलकर एक-दूसरे के गले मिले और ईद की बधाई दी। इस वर्ष की ईद को लेकर क्या बच्चे क्या बूढ़े सबका जोश और उत्साह देखते ही बन रहा था।इस बीच,रक्सौल विधायक प्रमोद कुमार सिन्हा ने रक्सौल विधान सभा क्षेत्र में घूम घूम कर ईद की मुबारकवाद दी।तो,नरकटिया के राजद विधायक डॉ शमीम अहमद ने भी क्षेत्रवासियों को ईद की मुबारकबाद दी।
...









