Tuesday, November 10

छौड़ादानो में SSB-पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, ई-रिक्शा से 2 किलो 50 ग्राम अफीम जैसा पदार्थ बरामद; तीन गिरफ्तार

दो भारतीय और एक नेपाली नागरिक पुलिस की गिरफ्त में, धरहरी के पास हुई कार्रवाई; अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क और मुख्य रिसीवर की तलाश तेज

रक्सौल।(Vor desk)। भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सशस्त्र सीमा बल (SSB) और स्थानीय पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पूर्वी चंपारण जिले के छौड़ादानो थाना क्षेत्र में संयुक्त कार्रवाई के दौरान एक ई-रिक्शा से 2 किलो 50 ग्राम अफीम जैसा दिखने वाला संदिग्ध मादक पदार्थ बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से ई-रिक्शा चालक समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में दो भारतीय और एक नेपाली नागरिक शामिल हैं।

छौड़ादानो थानाध्यक्ष राजीव कुमार के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सीमावर्ती इलाके से मादक पदार्थों की खेप तस्करी कर ले जाई जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद SSB और स्थानीय थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने छौड़ादानो-महुआवा मार्ग पर धरहरी उच्च माध्यमिक विद्यालय के समीप संदिग्ध ई-रिक्शा को रोककर तलाशी ली। इस दौरान ई-रिक्शा के अंदर छिपाकर रखा गया 2 किलो 50 ग्राम संदिग्ध मादक पदार्थ बरामद हुआ।

कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार आरोपियों की पहचान छौड़ादानो थाना क्षेत्र के जीतपुर गांव निवासी विनोद चौधरी के पुत्र विपिन कुमार (35), मसही गांव निवासी ताज अहमद के पुत्र फिरोज अहमद (47) तथा नेपाल के बारा जिले के सिमरौनगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत चिकनी पकड़िया गांव निवासी नंदू सहनी के पुत्र दिलीप कुमार सहनी (26) के रूप में हुई है।

मुख्य रिसीवर की पहचान का दावा

पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक पूछताछ में इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अहम सुराग मिले हैं। अवैध कारोबार में शामिल मुख्य रिसीवर की पहचान किए जाने की बात भी पुलिस ने कही है। अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों, संभावित सरगनाओं और मादक पदार्थ की आपूर्ति के स्रोत का पता लगाने के लिए पूछताछ एवं छानबीन की जा रही है।

NDPS एक्ट के तहत प्राथमिकी, फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया पदार्थ

बरामद संदिग्ध मादक पदार्थ को जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है, ताकि इसकी वास्तविक प्रकृति की पुष्टि हो सके। मामले में छौड़ादानो थाने में NDPS एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

भारत-नेपाल सीमा पर हुई इस कार्रवाई को मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियों की अहम सफलता माना जा रहा है। हालांकि, तस्करी के पूरे नेटवर्क और इसके अन्य कड़ियों का खुलासा पुलिस की आगे की जांच के बाद ही हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!