
कोरैया सैनिक रोड पर महुआवा पुलिस और SSB की संयुक्त कार्रवाई; 2.640 किलोग्राम नशीली दवाएं जब्त, नेपाल से भारतीय क्षेत्र में लाई जा रही थी खेप
रक्सौल। (Vor Desk)। भारत-नेपाल सीमा पर नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियों का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में महुआवा थाना पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (SSB) की संयुक्त टीम ने कोरैया सैनिक रोड पर कार्रवाई करते हुए एक ई-रिक्शा से 52 हजार नशीले कैप्सूल बरामद किए हैं। जब्त कैप्सूल का कुल वजन 2.640 किलोग्राम बताया गया है। मौके से दो आरोपितों को गिरफ्तार करने के साथ तस्करी में प्रयुक्त ई-रिक्शा भी जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि नेपाल की ओर से ई-रिक्शा के जरिए नशीले कैप्सूल की बड़ी खेप भारतीय सीमा में लाई जा रही है। सूचना के आधार पर महुआवा थाना पुलिस और SSB की टीम ने आपसी समन्वय से कोरैया सैनिक रोड पर सघन जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान संदिग्ध ई-रिक्शा को रोककर तलाशी ली गई। जांच में छिपाकर रखे गए 52 हजार नशीले कैप्सूल बरामद हुए।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान आदापुर थाना क्षेत्र के बखरी गांव निवासी नूर मोहम्मद मंसूरी तथा नेपाल के बारा जिला अंतर्गत पिपडारी गांव निवासी गांधी कुमार के रूप में हुई है। दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
महुआवा थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों के विरुद्ध NDPS एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब बरामद नशीले कैप्सूल की आपूर्ति के स्रोत और इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
