Sunday, November 8

रक्सौल प्रशासन की दीपावली इस बार रही कुछ अलग, बेसहारा महिलाओं के चेहरों पर बिखेरी खुशियां

माहेर ममता निवास में अधिकारियों ने परिवार के साथ मनाया दीपोत्सव, मिठाइयां, उपहार और आर्थिक सहयोग देकर दिया अपनापन का एहसास

रक्सौल। (Vor Desk)। दीपावली का त्योहार आमतौर पर लोग अपने परिवार और अपनों के बीच मनाते हैं, लेकिन रक्सौल प्रशासन की दीपावली इस बार कुछ अलग रही। अधिकारियों ने उन महिलाओं के बीच पहुंचकर खुशियां बांटी, जिनके जीवन में अपनों का साथ और परिवार का सहारा नहीं है। माहेर ममता निवास में रह रही बेसहारा एवं मानसिक रूप से अस्वस्थ महिलाओं के साथ दीपावली मनाकर प्रशासनिक अधिकारियों ने मानवीय संवेदना और सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश की।

रक्सौल के अनुमंडल पदाधिकारी नागमणि वर्मा, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनीष आनंद और रक्सौल थानाध्यक्ष सह पुलिस इंस्पेक्टर रमेश कुमार महतो अपने परिवार के साथ माहेर ममता निवास पहुंचे। यहां उन्होंने महिलाओं के साथ समय बिताया, मिठाइयां बांटीं और उपहार स्वरूप सोने की सामग्री भेंट की। साथ ही आर्थिक सहयोग भी प्रदान किया। अचानक मिले इस स्नेह और अपनापन से महिलाओं के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। उनके लिए यह सिर्फ उपहार पाने का अवसर नहीं, बल्कि यह महसूस करने का पल था कि वे भी समाज और परिवार का हिस्सा हैं।

इस मौके पर अधिकारियों ने कहा कि दीपावली केवल अपने घरों को रोशन करने का पर्व नहीं है, बल्कि उन लोगों के जीवन में भी खुशियों का दीप जलाने का अवसर है, जिन्हें सहारे और अपनापन की जरूरत है। त्योहार की असली खुशी दूसरों के चेहरों पर मुस्कान लाने में है।

माहेर ममता निवास के परियोजना प्रभारी बिरेन्द्र कुमार एवं माहेर परिवार की ओर से अतिथियों का आरती उतारकर स्वागत किया गया। संस्था ने इस आत्मीय पहल के लिए सभी अधिकारियों और उनके परिवारों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!