Saturday, November 7

रक्सौल में फर्नीचर दुकान की आड़ में चल रहा था साइबर फ्रॉड का धंधा, दो गिरफ्तार

रक्सौल / पूर्वी चंपारण।(Vor desk)। बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के रक्सौल में पुलिस ने एक बड़े साइबर फ्रॉड का भंडाफोड़ किया है। कौडिहार चौक स्थित एक फर्नीचर दुकान पर की गई छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो शातिर साइबर अपराधियों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से लैपटॉप, मोबाइल और एटीएम कार्ड समेत कई आपत्तिजनक डिजिटल उपकरण बरामद किए गए हैं। पुलिस अब इनके अंतरराष्ट्रीय या अंतरराज्यीय नेटवर्क को खंगालने में जुट गई है।

गुप्त सूचना पर कसी गई नकेल: रक्सौल थाना पुलिस को दिवा गश्ती के दौरान 6 नवंबर 2026 को दोपहर 12:30 बजे एक गुप्त सूचना मिली थी कि खिलचियां गांव निवासी मो. सलमान और पश्चिम चंपारण के जौकटिया थाना क्षेत्र निवासी सरफराज मिलकर कौडिहार चौक स्थित ‘एमडी सलमान स्टील फर्नीचर’ दुकान में बैठकर साइबर ठगी का अवैध धंधा चला रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (रक्सौल) मनीष कुमार आनंद के मार्गदर्शन में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।

दुकान के भीतर चल रहा था खेल: गठित टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उक्त फर्नीचर दुकान पर विधिवत छापेमारी की। तलाशी के दौरान दुकान के अंदर से एक एचपी कंपनी का लैपटॉप, दो एंड्राइड फोन, यूको बैंक का एक एटीएम कार्ड और एक पेन ड्राइव बरामद किया गया। पुलिस ने जब इन उपकरणों की तकनीकी जांच की तो पता चला कि इनका इस्तेमाल साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी के लिए किया जा रहा था।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान और आगे की कार्रवाई: मौके से पुलिस ने दोनों आरोपियों—19 वर्षीय मो. सलमान (पिता- मो. नाजिर, निवासी- खिलचियां, रक्सौल) और सरफराज (पिता- मो. मुबारक मिया, निवासी- जौकटिया, मंझौलिया, पश्चिमी चंपारण)—को विधिवत गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में रक्सौल थाना में कांड संख्या 502/26 दर्ज कर ली गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के बाद इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी खुलासे होने की उम्मीद है।

इस पूरी छापेमारी और सफल ऑपरेशन में रक्सौल थानाध्यक्ष सह पुलिस निरीक्षक रमेश कुमार महतो, पु.अ.नि. राकेश कुमार, पु.अ.नि. विकास कुमार पासवान के साथ-साथ रक्सौल थाने के सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।(रिपोर्ट:खुशबू एम)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!