Tuesday, November 3

रक्सौल से सुगौली पहुंची चरस की खेप, 40 लाख के मादक पदार्थ के साथ तीन गिरफ्तार

एसटीएफ नारकोटिक्स सेल और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 1.970 किलो चरस बरामद; दो मोबाइल और तीन नेपाली सिम कार्ड मिले, सिंडिकेट के मुख्य सरगना की तलाश तेज

सुगौली (Vor Desk)। रक्सौल से ट्रेन के रास्ते चरस की खेप लेकर सुगौली पहुंचे तस्करी नेटवर्क का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। एसटीएफ नारकोटिक्स सेल पटना और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने 1.970 किलोग्राम चरस के साथ तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। बरामद चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई गई है। कार्रवाई के दौरान दो मोबाइल फोन और तीन नेपाली सिम कार्ड भी बरामद किए गए हैं।

एसडीपीओ सदर-1 दिलीप कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि रक्सौल से ट्रेन के जरिए एक व्यक्ति मादक पदार्थ लेकर सुगौली रेलवे स्टेशन पहुंचने वाला है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसटीएफ और स्थानीय पुलिस की विशेष संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने बंगरा ओवरब्रिज के नीचे सघन जांच अभियान चलाया और संदिग्धों पर नजर रखनी शुरू की।

इसी दौरान पुलिस को देखकर भागने की कोशिश कर रहे एक व्यक्ति को टीम ने पकड़ लिया। तलाशी के क्रम में उसके झोले से चार पैकेट में रखी कुल 1.970 किलोग्राम चरस बरामद हुई। इसके बाद पकड़े गए आरोपित से पूछताछ की गई। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने तस्करी के नेटवर्क से जुड़े दो अन्य लोगों को भी अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान रक्सौल के नायक टोला निवासी गुड्डू साह, पश्चिम चंपारण जिले के लक्ष्मीपुर निवासी रामबालक बैठा (वर्तमान पता बीरगंज, नेपाल) और घोड़ासहन थाना क्षेत्र के मधुआही निवासी ढोड़ा राय के रूप में हुई है।

मुख्य सरगना की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ में चरस की आपूर्ति करने वाले सिंडिकेट के मुख्य सरगना के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। बरामद मोबाइल फोन और नेपाली सिम कार्ड के आधार पर भी तस्करी नेटवर्क की कड़ियां खंगाली जा रही हैं।

इस अभियान में एसडीपीओ दिलीप कुमार, पुलिस निरीक्षक मुन्ना कुमार, सुगौली थानाध्यक्ष अनीश कुमार सिंह, पुनि कृष्ण मुरारी, जिला आसूचना इकाई के अधिकारी-कर्मी और सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!