
रामगढ़वा में हरिशंकर वर्मा को-ऑपरेटिव कॉलेज के पास हादसा, ग्रामीणों ने तत्परता दिखाकर बच्चों को निकाला; प्राथमिक उपचार के बाद सभी सुरक्षित
रामगढ़वा (Vor Desk)। रामगढ़वा थाना क्षेत्र में मंगलवार को स्कूली बच्चों से भरी एक वैन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में करीब 14 बच्चे चोटिल हो गए। राहत की बात रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई। स्थानीय ग्रामीणों की तत्परता से सभी बच्चों को तत्काल वाहन से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसा हरिशंकर वर्मा को-ऑपरेटिव कॉलेज के समीप हुआ। जानकारी के अनुसार, क्रिएशन गुरुकुल स्कूल की वैन बच्चों को उनके घर पहुंचाने के लिए पनटोका और प्रसौना मदन की ओर जा रही थी। इसी दौरान चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया। वैन पहले सड़क किनारे एक पेड़ से टकराई और फिर पलट गई। अचानक हुए हादसे से मौके पर अफरातफरी मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने बिना देर किए राहत-बचाव शुरू किया और वाहन में फंसे बच्चों को बाहर निकाला।
घायलों को रामगढ़वा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सक डॉ. प्रहस्त कुमार और स्वास्थ्यकर्मियों ने उनका प्राथमिक उपचार किया। घायलों में शिवानी निशा, सोहन कुमार, तबरेज आलम, परवेज आलम, साहिल, पलक सिंह, रुखसाना खातून, श्रेयांस गोस्वामी, श्रेयांशु गोस्वामी, श्रेया गोस्वामी, समरीन गोस्वामी, अहसान मियां, ऐश्वर्या सिंह और सौर्य कुमार सिंह शामिल हैं। उपचार के बाद सभी बच्चों को परिजनों के हवाले कर दिया गया।
स्कूली वाहनों की सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
हादसे के बाद क्षेत्र में स्कूली वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई वाहन निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाकर चलते हैं। कुछ वाहनों की फिटनेस और बीमा की वैधता पर भी उन्होंने संदेह जताया है। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर संजीव मौआर पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से स्कूल वाहनों की फिटनेस, बीमा, क्षमता और सुरक्षा मानकों की सघन जांच कराने की मांग की है।
