
डीएम ने पुलिस और एसएसबी को विशेष सतर्कता बरतने का दिया निर्देश, युवाओं पर रहेगी खास नजर; दुकानों की भी होगी नियमित जांच
मोतिहारी। (Vor desk)। पूर्वी चंपारण जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार, भंडारण, परिवहन और सेवन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। खासकर भारत-नेपाल सीमा से सटे रक्सौल और ढाका अनुमंडल में पुलिस एवं सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) को आपसी समन्वय के साथ नियमित संयुक्त छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है।
इसको लेकर जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित डॉ. राधाकृष्णन सभागार में जिला स्तरीय नार्को-कोऑर्डिनेशन (एनसीओआरडी) की बैठक हुई। इसमें पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात भी मौजूद रहे।
बैठक में डीएम ने कहा कि मादक पदार्थों के अवैध व्यापार, भंडारण, परिवहन और सेवन पर नियंत्रण के लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय बनाकर नियमित कार्रवाई करें। इस धंधे में संलिप्त एवं पकड़े गए लोगों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सीमावर्ती अनुमंडलों, विशेषकर रक्सौल और ढाका में पुलिस तथा एसएसबी के अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने और संयुक्त छापेमारी अभियान नियमित रूप से संचालित करने का निर्देश दिया।
डीएम ने स्पष्ट किया कि निरोधात्मक कार्रवाई में शामिल अधिकारी स्थानीय थाने को इसकी सूचना अवश्य दें, ताकि किसी प्रकार की समन्वयहीनता नहीं रहे। अनुमंडल स्तर पर पुलिस प्रशासन, एसएसबी, औषधि नियंत्रण विभाग और कृषि विभाग के अधिकारी बैठक कर नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने की प्रभावी रणनीति तैयार करें।
वहीं, पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने सभी एसडीओ, एसडीपीओ और थानाध्यक्षों को सतर्क रहकर मादक पदार्थों का सेवन करने वालों एवं इसकी खरीद-बिक्री में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखने तथा चौक-चौराहों एवं सार्वजनिक स्थलों के आसपास निगरानी बढ़ाने को कहा।
बैठक में औषधि निरीक्षकों और खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को भी लगातार दुकानों की जांच करने का निर्देश दिया गया। पर्व-त्योहार के मद्देनजर मोतिहारी, रक्सौल, ढाका और अरेराज समेत सभी अनुमंडलों में बड़े मिठाई प्रतिष्ठानों सहित अन्य दुकानों की नियमित जांच करने को कहा गया। डीएम ने स्पष्ट किया कि जांच और कार्रवाई में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में एसएसबी की 71वीं, 20वीं और 47वीं बटालियन के समादेष्टा, सभी अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, औषधि नियंत्रक, अधीक्षक मद्य निषेध, डीपीओ आईसीडीएस, जिला शिक्षा पदाधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी तथा नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो, मोतिहारी के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
