Saturday, October 31

अस्पताल उद्घाटन के विरोध में बवाल, पुलिस की गोली से युवक घायल

अधूरे अस्पताल के उद्घाटन पर दो पक्षों में भिड़ंत, शिलापट्ट तोड़ा; आक्रोशित लोगों ने 10 बाइक फूंकीं

बारा। नेपाल के बारा जिले के फेटा गांवपालिका-3 में शनिवार को आधारभूत अस्पताल के उद्घाटन को लेकर जमकर बवाल हुआ। अधूरे अस्पताल का उद्घाटन करने का विरोध कर रहे स्थानीय लोगों और गांवपालिका अध्यक्ष रुस्तम अंसारी के समर्थकों के बीच झड़प हो गई। स्थिति नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज और फायरिंग की। इसमें गोली लगने से 18 वर्षीय आदित पासवान गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके पेट में गोली लगी है। वीरगंज स्थित नेशनल मेडिकल कॉलेज में उसका इलाज चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, संघीय सरकार की ओर से निर्मित 15 शैय्या वाले अस्पताल के उद्घाटन के लिए शनिवार सुबह कार्यक्रम आयोजित किया गया था। अध्यक्ष अंसारी के विरोधी स्थानीय लोग अधूरे अस्पताल का उद्घाटन करने का विरोध कर रहे थे। इसी दौरान अस्पताल परिसर में लगा शिलापट्ट तोड़ दिया गया। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।

पुलिस की कार्रवाई से आक्रोशित लोगों ने अस्पताल परिसर में तोड़फोड़ की और 10 मोटरसाइकिलों में आग लगा दी। सूचना पर इलाका प्रहरी कार्यालय सिमरा से अतिरिक्त पुलिस बल के साथ पहुंचे डीएसपी दयाकृष्ण भट्ट ने बताया कि स्थिति सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है।

अस्पताल उद्घाटन कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी की नेतृ समीक्षा बास्कोटा भी पहुंची थीं। वहीं, गांवपालिका अध्यक्ष रुस्तम अंसारी ने आरोप लगाया कि एमाले कार्यकर्ता उनके विरोध में प्रदर्शन कर रहे थे। उन्होंने घटना के पीछे पूर्व गांवपालिका अध्यक्ष अमिरिलाल पाल का हाथ होने का आरोप लगाया है।(रिपोर्ट:राजेश केशरीवाल)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!