
संस्कार, सामाजिक एकता और राष्ट्रप्रेम के माध्यम से युवाओं को सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक करने का लक्ष्य
रक्सौल।(Vor desk)। हिंदू स्वयंसेवक संघ नेपाल की ओर से वीरगंज में सात दिवसीय आवासीय प्राथमिक शिक्षा वर्ग का आयोजन किया गया है। व्यक्तित्व निर्माण, चारित्रिक विकास और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने के उद्देश्य से आयोजित इस प्रशिक्षण वर्ग में युवाओं में नेतृत्व क्षमता, सामूहिक कार्य और समाजसेवा के प्रति प्रतिबद्धता बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।
आयोजकों के अनुसार, समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए युवाओं की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। इसी उद्देश्य से स्वयंसेवकों को संगठित कर उनमें अनुशासन, सेवाभाव और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम में वीरगंज उद्योग वाणिज्य संघ के उपाध्यक्ष मनोज दास मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं, हिंदू स्वयंसेवक संघ नेपाल के राष्ट्रीय संघचालक कल्याण तिम्सिना तथा वीरगंज विभाग संघचालक अशोक वैद्य समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने संस्कार, सेवा, सामाजिक सद्भाव और राष्ट्रप्रेम के महत्व पर प्रकाश डालते हुए समाज निर्माण में युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने युवाओं से सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का निमंत्रण हिंदू स्वयंसेवक संघ नेपाल के वीरगंज विभाग संचालक अशोक कुमार वैद्य ने जारी किया था।आयोजकों को उम्मीद है कि सात दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण से प्रतिभागियों में अनुशासन, सामाजिक एकता, सेवाभाव और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना मजबूत होगी।
