
चालक की सीट के नीचे बनाया था गुप्त तहखाना, प्लास्टिक में पैक 19 पैकेट गांजा जब्त
रक्सौल।(Vor desk)। नेपाल के मकवानपुर जिले में पुलिस ने 42.5 किलो गांजा के साथ 2 भारतीय नागरिकों को गिरफ्तार किया है। गांजा भारतीय नंबर की गाड़ी में चालक की सीट के नीचे बनाए गए गुप्त तहखाने में छिपाकर ले जाया जा रहा था।
पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, वीरगंज- पथलैया-हेटौंडा सड़क खंड पर हेटौंडा उपमहानगरपालिका-15 स्थित पीपलबोट में भारतीय गाड़ी को रोककर जांच की गई। इस दौरान चालक की सीट के नीचे विशेष रूप से बनाए गए गुप्त तहखाने से प्लास्टिक में पैक गांजा के 19 पैकेट बरामद हुए। इनका कुल वजन करीब 42.5 किलो बताया गया है।गांजा को महेंद्र राज मार्ग होते बारा जिला के रास्ते भारत ले जाने की योजना थी।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान भारत के वैशाली जिले के महुआ टोल निवासी 25 वर्षीय बिर्जुकुमार राय और महुआ निवासी 26 वर्षीय मन्जयकुमार राय के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, बीआरआई एपी 6073 नंबर की गाड़ी हेटौंडा बाजार से पथलैया की ओर जा रही थी। इसी दौरान पुलिस ने उसे जांच के लिए रोका।
पुलिस ने गांजा और भारतीय गाड़ी को जब्त करते हुए दोनों आरोपितों को हिरासत में लिया है। मामले में आगे की जांच की जा रही है।
