
रक्सौल।(Vor desk)। शहर के पंकज वाटिका परिसर में गुरुवार को कलवार कल्याण समिति के तत्वावधान में कुलदेवता भगवान बलभद्र की पूजा-अर्चना पूर्ण धार्मिक विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुई। सुबह से हो रही मूसलाधार बारिश भी श्रद्धालुओं के अटूट विश्वास को डिगा नहीं सकी और रक्सौल नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे हजारों भक्तों से पूजा पंडाल सराबोर रहा। इस धार्मिक अनुष्ठान में मुख्य यजमान के रूप में पंटोका निवासी जितेंद्र प्रसाद एवं उनकी धर्मपत्नी मंजू देवी ने वेदी पर विराजमान होकर पूजा का संकल्प पूरा किया।

पूजनोत्सव के दौरान पंकज वाटिका से निकली भव्य शोभायात्रा आकर्षण का मुख्य केंद्र रही। भक्ति भजनों की स्वरलहरियों और गाजे-बाजे के साथ निकली इस यात्रा में श्रद्धालु झूमते-नाचते नजर आए। शहर के मुख्य मार्गों का भ्रमण करते हुए प्रभु बलभद्र को सादर न्यौता देकर पंडाल में विराजित कराया गया, जिसके बाद अनुष्ठानिक पूजन संपन्न हुआ। इस पावन अवसर पर समिति के अध्यक्ष अनिल कुमार गुप्ता ने समाज को बड़ी सौगात का भरोसा देते हुए कहा कि भवन निर्माण के लिए भूमि चिह्नित की जा रही है और सब कुछ ठीक रहा तो आगामी वर्ष की बलभद्र पूजा समिति की अपनी भूमि पर ही आयोजित होगी।

धार्मिक मंच से सामाजिक सशक्तिकरण का संदेश देते हुए अतिथियों ने समाज को नई दिशा दी। चनपटिया विधायक अभिषेक रंजन ने कहा कि बलभद्र पूजन जैसे आयोजन सामाजिक एकता के स्तंभ हैं और समाज को निरंतर प्रगति की ओर ले जाने के लिए बच्चों को शिक्षित करना तथा जरूरतमंदों का हाथ थामना अत्यंत आवश्यक है। पूर्व मंत्री श्याम बिहारी प्रसाद ने एकजुटता में ही वास्तविक बल होने की बात कही, जबकि राजद नेता संतोष जायसवाल एवं सुरेश यादव ने पूरे देश में बलभद्र पूजा के माध्यम से एकजुट हो रहे समाज के प्रयास और आयोजन समिति की भूरी-भूरी प्रशंसा की।

अनुष्ठान के उपरांत विशाल महाप्रसाद का वितरण किया गया, वहीं प्रख्यात गायिका जुही राज एवं उनकी टीम ने सुमधुर भजनों की प्रस्तुति देकर समूचे वातावरण को भक्ति रस से सराबोर कर दिया। आयोजन को ऐतिहासिक बनाने में समिति के उपाध्यक्ष सोनू कुमार गुप्ता, अजय कुमार, महासचिव चंदन कुमार, सचिव रंजीत कुमार, चंद्रकिशोर प्रसाद, कोषाध्यक्ष सुनील कुमार, उप कोषाध्यक्ष मंगलम कुमार, अखिलेश कुमार, संगठन मंत्री चंदन गुप्ता, बप्पी साह, जितेंद्र कुमार, अरुण कुमार, अंकेक्षक धीरज कुमार, बैजू जायसवाल, विक्रम कुमार, राहुल कुमार, रवि गुप्ता, उज्ज्वल कुमार, नीरज कुमार, जयप्रकाश कुमार, सनोज कुमार, रिदित कुमार, प्रियांशू कुमार, बबलू कलवार, नितेश कुमार, दुर्गेश कुमार के साथ-साथ कलवार महिला मंच की किरण गुप्ता, लवली गुप्ता, चांदनी गुप्ता, अनीता गुप्ता, शालू गुप्ता, रानी गुप्ता, रोशनी गुप्ता, नेहा, सिमरन, चंचल, मेनका गुप्ता की सराहनीय भूमिका रही। इस दौरान जगदीश प्रसाद, डॉ. हजारी प्रसाद गुप्ता, प्रदीप भारती, ध्रुव प्रसाद, सुभाषचंद्र प्रसाद, हरिकिशोर प्रसाद, डॉ. उमेश कुमार एवं डॉ. प्रहस्त कुमार सहित विशाल जनसमूह उपस्थित रहा।
