
रक्सौल।(Vor desk)। भारत और नेपाल की व्यापारिक तथा रणनीतिक जीवनरेखा माने जाने वाले सीमावर्ती शहर रक्सौल के रेलवे स्टेशन की तस्वीर बहुत जल्द बदलने वाली है। अंतरराष्ट्रीय महत्व के इस बॉर्डर टाउन को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस करने की कड़ी में पूर्व मध्य रेलवे (हाजीपुर) के नए महाप्रबंधक (जीएम) डिंपी गर्ग ने रक्सौल जंक्शन का गहन निरीक्षण किया। वाल्मीकिनगर से नरकटियागंज के रास्ते विशेष विंडो इंस्पेक्शन करते हुए रक्सौल पहुंचे जीएम का स्टेशन प्रबंधक अजय कुमार ने स्वागत किया। इस दौरान जीएम ने ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के तहत जारी पुनर्विकास कार्यों की बारकी से समीक्षा की और रेल अधिकारियों संग कांट्रैक्टरों को सख्त हिदायत दी।
समय और गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं भारत-नेपाल आवाजाही का मुख्य केंद्र होने के कारण रक्सौल स्टेशन पर यात्रियों का दबाव हमेशा अधिक रहता है। इसे ध्यान में रखते हुए जीएम डिंपी गर्ग ने निर्माण कार्यों का जायजा लिया और स्पष्ट किया कि सभी काम तय समय सीमा के अंदर और उच्च मानकों के अनुरूप पूरे होने चाहिए। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्र के रेल यात्रियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की आधुनिक सुविधाएं देना भारतीय रेल की प्राथमिकता है।
पुराना फूड प्लाजा हटेगा, यात्रियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं स्टेशन परिसर और रेलवे पार्क के निरीक्षण के दौरान जीएम ने पुराने फूड प्लाजा को हटाकर उसकी जगह यात्रियों की वर्तमान जरूरतों के मुताबिक नई विकास परियोजनाएं शुरू करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही, अस्थायी टर्मिनल भवन में चल रहे कार्यालयों का जायजा लेते हुए उन्होंने साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल, पर्याप्त शौचालय और पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
टपकती छत और क्षतिग्रस्त शेड पर बिफरे जीएम निरीक्षण के दौरान प्लेटफॉर्म पर फुटओवर ब्रिज (FOB) के पास एक भवन की छत से पानी टपकता देख जीएम ने कड़ी नाराजगी जताई और उसे तुरंत दुरुस्त करने को कहा। वहीं, रक्सौल के बड़े व्यापारिक हब होने के नाते मालगोदाम के महत्व को देखते हुए उन्होंने क्षतिग्रस्त शेड की तत्काल मरम्मत का आदेश दिया, ताकि आयात-निर्यात से जुड़ा व्यापारियों का सामान सुरक्षित रहे।
निरीक्षण में मौजूद रहे कई उच्चाधिकारी इस दौरान जीएम के साथ प्रधान मुख्य परिचालन प्रबंधक इंदु दुबे, समस्तीपुर के मंडल रेल प्रबंधक (DRM) ज्योति प्रकाश मिश्रा और आरपीएफ कमांडेंट आशीष कुमार समेत कई वरीय रेल अधिकारी मौजूद रहे।
