Wednesday, September 23

भारत-नेपाल जिला स्तरीय सीमा समन्वय समिति की बैठक आयोजित, सीमा पार अपराध और तस्करी पर शिकंजा कसने पर बनी सहमति

रक्सौल (पूर्वी चंपारण)।

सीमा पार उत्पन्न होने वाली विभिन्न सुरक्षा चुनौतियों से निपटने, आपसी सहयोग को मजबूत करने तथा बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से रक्सौल स्थित इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट (आईसीपी) परिसर के सभागार में भारत-नेपाल जिला स्तरीय सीमा समन्वय समिति (इंडो-नेपाल बॉर्डर को-ऑर्डिनेशन कमेटी) की एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। इस महत्वपूर्ण बैठक में नेपाल के सीमावर्ती जिलों परसा,बारा,चितवन,नवल परासी पूर्व एवं पश्चिम के शीर्ष अधिकारियों के साथ-साथ बिहार के पूर्वी चंपारण और पश्चिम चंपारण जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया।

यह बैठक पूर्वी चंपारण के जिलाधिकारी (डीएम) सौरभ सुमन यादव तथा नेपाल के पर्सा जिला के प्रमुख जिला अधिकारी (सीडीओ) भोला दहाल की संयुक्त अध्यक्षता में संपन्न हुई।

इन अहम मुद्दों पर बनी सहमति और हुई विस्तृत चर्चा: बैठक के दौरान दोनों देशों के अधिकारियों ने सीमा पार से होने वाली अवैध गतिविधियों पर शिकंजा कसने के लिए कई संवेदनशील विषयों पर गहन विचार-विमर्श किया, जिनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं:

  • तस्करी पर रोक: सीमा सुरक्षा को मजबूत करने के साथ-साथ जाली भारतीय मुद्रा (जाली नोट), हथियार एवं कारतूस (आर्म्स), ड्रग्स एवं नारकोटिक्स, शराब, तंबाकू तथा अन्य अवैध सामानों की तस्करी पर पूर्ण प्रतिबंध लगाना।
  • अपराध नियंत्रण व धर-पकड़: क्रॉस बॉर्डर क्राइम (सीमा पार अपराध) पर प्रभावी अंकुश लगाना तथा दोनों देशों के मोस्ट वांटेड अपराधियों की धर-पकड़ के लिए साझा रणनीति बनाना।
  • घुसपैठ व संदिग्ध गतिविधियों पर नजर: तीसरे देश के नागरिकों (विदेशी नागरिकों) और संदिग्ध व्यक्तियों की अवैध आवाजाही तथा अवांछित गतिविधियों पर सख्त निगरानी रखना।
  • सूचनाओं का आदान-प्रदान: सुरक्षा से जुड़ी खुफिया जानकारी को त्वरित और निर्बाध रूप से एक-दूसरे के साथ साझा करना तथा आपसी तालमेल बढ़ाना।

सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई वार्ता: बैठक की समाप्ति के बाद संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए दोनों देशों के प्रशासनिक प्रमुखों ने बताया कि पूरी वार्ता अत्यंत सौहार्दपूर्ण, सकारात्मक और सहयोगात्मक माहौल में संपन्न हुई है। अधिकारियों ने विश्वास जताया कि इस समन्वय बैठक से आने वाले समय में सीमा पार होने वाले अपराधों और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी ढंग से रोक लगाने में बड़ी मदद मिलेगी।

बैठक में ये वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद: उच्चस्तरीय बैठक में नेपाली शिष्टमंडल की ओर से पर्सा एवं बारा जिला के सीडीओ (चीफ जिला अधिकारी), तथा परसा जिला के एसपी पवन भट्टराई,एपीएफ एसपी मोहन बहादुर क्षेत्री अन्य सुरक्षा अधिकारी मौजूद थे। वहीं भारतीय पक्ष का प्रतिनिधित्व पूर्वी चंपारण के जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक (एसपी), पश्चिम चंपारण के जिलाधिकारी, बगहा के पुलिस अधीक्षक, पूर्वी चंपारण के अपर समाहर्ता (एडीएम), उप विकास आयुक्त (डीडीसी), सदर एसडीओ मोतिहारी, एसडीओ रक्सौल, डीसीएलआर रक्सौल, एसडीपीओ, डीएफओ, उत्पाद अधीक्षक (पूर्वी चंपारण) तथा एसएसबी (सशस्त्र सीमा बल) के कमांडेंट समेत कई अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!