Tuesday, September 22

जमुई में छात्रा से दुर्व्यवहार के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, सरकार पर बोला हमला

रक्सौल (पूर्वी चंपारण)।(Vor desk)। जमुई में नाबालिग छात्रा के साथ हुए दुर्व्यवहार के विरोध में मंगलवार (22 सितंबर 2026) को मोतिहारी जिला कांग्रेस कमेटी के बैनर तले रक्सौल में सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रखंड अध्यक्ष बिकेश चंद्रवंशी के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने घटना के प्रति गहरा रोष व्यक्त किया और सूबे की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए।

कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त: जिलाध्यक्ष कार्यक्रम में मुख्य रूप से मौजूद मोतिहारी जिलाध्यक्ष प्रोफेसर अखिलेश दयाल ने राज्य सरकार पर करारा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बिहार में बेटियों के साथ लगातार हो रही दुराचार और दुष्कर्म की घटनाएं बेहद निंदनीय हैं। जिलाध्यक्ष ने तंज कसते हुए कहा कि उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आधी रात के बाद भी बेझिझक गांवों में जाने का दावा करते हैं, जबकि शाम सात बजे ही जमुई में नाबालिग छात्रा के साथ हुई दुर्व्यवहार की घटना ने पूरे देश में बिहार को शर्मसार कर दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है।

बड़ी संख्या में मौजूद रहे कांग्रेसी नेता विरोध प्रदर्शन के दौरान पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। इस अवसर पर अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष नूर मोहम्मद, नगर अध्यक्ष छोटेलाल चौरसिया, मुमताज खां, सिकंदर यादव, तेजीलाल प्रसाद, विजय सर्राफ, मनीष कुमार, उमेश कुमार, सन्नी कुमार, मनोज कुमार, गणेश कुमार, शिवजी प्रसाद, शिवपूजन प्रसाद, मनोहर कुमार, देवेंद्र महतो और विजय महतो सहित कई अन्य कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!