Tuesday, September 22

सिपाही पर ईंट से हमला कर हथकड़ी समेत फरार युवक गिरफ्तार

रक्सौल (पूर्वी चंपारण)।(Vor desk)।अनुमंडल के दरपा थाने की पुलिस हिरासत से सिपाही को ईंट से मारकर घायल करने और हथकड़ी समेत फरार होने वाला युवक ज्यादा देर तक पुलिस की पकड़ से दूर नहीं रह सका। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी कर आरोपित को उसके गांव तिनकोनी से दोबारा गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपित की पहचान दरपा थाना क्षेत्र के तिनकोनी गांव निवासी नन्हक सिंह के पुत्र विकास सिंह के रूप में हुई है।

संदेह के आधार पर हिरासत में लिया गया था

जानकारी के अनुसार, रविवार की देर रात पुलिस टीम इलाके में गश्ती कर रही थी। इसी दौरान सड़क पर बाइक से घूम रहे विकास सिंह पर पुलिस को संदेह हुआ। पूछताछ के लिए पुलिस उसे पकड़कर दरपा थाने ले आई थी, जहां उसके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही थी।

शौच के बहाने सिपाही पर किया हमला

सोमवार की सुबह आरोपित विकास ने शौच जाने की बात कही। जब सिपाही राजेश्वर सिंह उसे ले गए, तभी उसने मौका देखकर सिपाही पर ईंट से हमला कर दिया। इस हमले में सिपाही गंभीर रूप से जख्मी हो गए, जिसके बाद आरोपित हथकड़ी समेत मौके से फरार हो गया।

गांव में छिपे होने की सूचना पर हुई गिरफ्तारी

सिपाही पर हमला कर हिरासत से भागने की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने तुरंत अलग-अलग टीमों का गठन कर संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू की। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि आरोपित अपने गांव तिनकोनी में छिपा हुआ है। पुलिस टीम ने गांव में दबिश देकर विकास सिंह को फिर से दबोच लिया। फिलहाल पुलिस उससे कड़ाई से पूछताछ कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!