Tuesday, September 22

रक्सौल नगर परिषद बोर्ड की बैठक:छठ घाट पर पूजा की तैयारी- सौंदर्यीकरण,शहर में स्ट्रीट लाइट,नगर प्रहरी की तैनाती सहित कई विकास योजनाओं को मिली मंजूरी

रक्सौल (पूर्वी चंपारण)।(Vor desk)। रक्सौल नगर परिषद के तुमड़िया टोला स्थित प्रशासनिक भवन के सभागार में मंगलवार को सामान्य बोर्ड की बैठक कार्यवाहक सभापति पुष्पा देवी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. मनीष कुमार के संचालन में हुई इस बैठक में पांच सूत्री एजेंडे के तहत आगामी त्योहारों को देखते हुए शहर के विकास और साफ-सफाई से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। हालांकि, बैठक की शुरुआत में हालिया प्रशासनिक खींचतान और कथित भेदभाव को लेकर 18 पार्षदों की गोलबंदी के कारण काफी हंगामा देखने को मिला, जहां पार्षदों ने कार्यवाहक सभापति से तीखे सवाल पूछे।

बैठक में आगामी दशहरा, दीपावली और छठ पर्व को ध्यान में रखते हुए शहर में सुबह और शाम दो पालियों में सफाई कराने का फैसला लिया गया है। मुख्य बाजार और व्यस्त इलाकों में रविवार समेत प्रतिदिन सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। इसके अलावा, छठ घाटों की सफाई, मरम्मत, निर्माण और सजावट पर विशेष ध्यान देने पर सहमति बनी। शहर को रोशन करने के लिए विभिन्न वार्डों में जरूरत के अनुसार 1000 स्ट्रीट लाइट लगाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई, जिसके तहत मुख्य पथ पर आकर्षक तिरंगा रोलेक्स लाइट भी लगाई जाएगी।

नगर परिषद ने राजस्व बढ़ाने और अतिक्रमण रोकने के लिए भी कड़े कदम उठाए हैं। शहर में अतिक्रमण पर नियंत्रण और सफाई की निगरानी के लिए आउटसोर्सिंग एजेंसी के माध्यम से ‘नगर प्रहरी’ नियुक्त किए जाएंगे। बकाया होल्डिंग टैक्स की वसूली के लिए सभी वार्डों में रोस्टर के अनुसार विशेष कैंप लगाए जाएंगे। साथ ही पुराने ट्रेड लाइसेंस के नवीनीकरण और नए लाइसेंस जारी करने के लिए अभियान चलाया जाएगा, जिसके तहत मॉल, होटल और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किए जाएंगे।

बैठक के दौरान वार्ड-6 के पार्षद घनश्याम प्रसाद ने छठ पूजा के बजट को बढ़ाने की मांग के साथ ही मेन रोड के डिवाइडर में टाइल्स लगाने के काम का विरोध करते हुए इसकी जांच कराने और पौधे लगाने की बात कही।बैंक रोड में चबूतरा बना कर अतिक्रमण करने ,और बाइक पार्किंग की समस्या को उठाया।

वार्ड19के पार्षद में विभिन्न अनियमितताओं का मुद्दा जोर शोर से उठाते हुए आरोप किया कि पार्षदों के साथ भेदभाव किया गया है।भ्रष्टाचार पर कहा कि ऐसा ही काम किया जाता है,जिसमे कमाई हो।उन्होंने कार्यवाहक सभापति को खूब घेरा।

वार्ड-9 के पार्षद कुंदन सिंह ने जर्जर छठ घाटों के पुनर्निर्माण और वार्ड-10 के पार्षद रवि गुप्ता ने हर वार्ड में कम से कम एक समर्सिबल लगाने की मांग रखी।

बैठक में पूर्व की बैठकों के निर्णयों की संपुष्टि की गई और पार्षदों द्वारा प्रस्तुत विकास योजनाओं को स्वीकृति दी गई। इस अवसर पर पार्षद सोनू कुमार गुप्ता, जितेंद्र दत्ता, रणजीत श्रीवास्तव, मुकेश कुमार, दीपक कुमार गुप्ता, डिंपल चौरसिया, ओम साह, घनश्याम प्रसाद, वीरेंद्र कुमार, मो. अब्बास, रवि कुमार गुप्ता, रंभा देवी, सीमा देवी, आशा देवी, कांति देवी सहित नगर परिषद कर्मी बैजू जायसवाल, पंकज कुमार सिंह, अजीत कुमार, जेई रोहित कुमार और विवेक कुमार मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!