Sunday, September 20

श्री रामजानकी मंदिर में गूंजे गणपति के जयकारे, भक्तिमय माहौल में संपन्न हुआ 20वां गणेश पूजा महोत्सव,नम आंखों से दी गई विदाई!

रक्सौल।(Vor desk)।

श्री मंगलमूर्ति गणेश पूजा समिति के तत्वाधान में श्री रामजानकी मंदिर परिसर में आयोजित गणेश पूजा महोत्सव शनिवार को भक्ति, धर्म और अध्यात्म के अनुपम संगम के साथ संपन्न हो गया। लगातार 20वें वर्ष आयोजित यह भव्य महोत्सव श्रद्धालुओं के लिए असीम आध्यात्मिक ऊर्जा और सांस्कृतिक धरोहर का केंद्र बना रहा।

भजन, जागरण और छप्पन भोग का आध्यात्मिक संगम महोत्सव के दौरान पूरा मंदिर परिसर ‘गणपति बाप्पा मोरया’ के जयकारों से गुंजायमान रहा।प्रतिदिन देर रात तक आयोजित भक्ति जागरण में स्थानीय व आमंत्रित कलाकारों ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। धार्मिक कार्यक्रमों की शृंखला में भगवान श्री गणेश को 51 किलो लड्डू सहित छप्पन भोग अर्पित किया गया। इसके उपरांत आयोजित विशाल भंडारे में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया।

राजा हरिश्चंद्र की काव्यात्मक प्रस्तुति ने मोहा मन सांस्कृतिक संध्या का मुख्य आकर्षण सत्यवादी राजा हरिश्चंद्र के जीवन पर आधारित काव्यात्मक प्रस्तुति रही। कलाकारों ने अपनी मर्मस्पर्शी और जीवंत प्रस्तुति से धर्म, सत्य और निष्ठा के महत्व को रेखांकित किया, जिसे उपस्थित जनसमुदाय ने खूब सराहा।

धूमधाम से हुआ प्रतिमा विसर्जन शनिवार को गाजे-बाजे, ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक नृत्य के साथ भव्य विसर्जन शोभायात्रा निकाली गई। अबीर-गुलाल उड़ाते और झूमते भक्तों ने नम आंखों से भगवान श्री गणेश को अंतिम विदाई दी और अगले वर्ष शीघ्र आने की प्रार्थना की।

20 वर्षों की अटूट निष्ठा और सामूहिक प्रयास समारोह की सफलता पर समिति के अध्यक्ष विजय कुमार गुप्ता एवं सचिव कृष्ण कुमार उर्फ पप्पू गुप्ता ने कहा, “समिति का यह 20वां वर्ष था। श्रद्धालुओं के अटूट विश्वास, नगरवासियों के सहयोग और सदस्यों की दिन-रात की मेहनत के कारण ही यह आयोजन हर साल अध्यात्म और भव्यता के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।”

इस अवसर पर कोषाध्यक्ष संदीप चौधरी सहित समिति के राजीव गुप्ता, संतोष गुप्ता, सन्नी पटेल, रंजीत बर्णवाल, अजित पांडेय, नीरज कुशवाहा, प्रशांत कुमार, नवीन गिरी, राजेश यादव, लक्की गुप्ता, पिंटू गुप्ता, रामबाबू गुप्ता, मनीष वर्मा, कौशल सर्राफ, अनुराग, गोलू, सुनील, मोहित, सतीश सर्राफ, अमित गुप्ता, मुकेश साह, अमित, कृष्णा, दीपक, अर्जुन, बादल, जय, अंकित, विकाश, कृष, लवकेश, सुभाष, अमन, रिकी, अजय, विक्रम, गौतम, गौरव, राजाबाबू और पवन समेत सभी सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!