Monday, September 21

रक्सौल के सिद्धपीठ राजदंडी हनुमान मंदिर में दुस्साहसिक चोरी, चांदी के मुकुट-गदा व दानपेटी ले उड़े चोर

रक्सौल ।(पूर्वी चंपारण)।(vor desk)। सीमावर्ती शहर रक्सौल में अपराधियों का दुस्साहस चरम पर है। बेखौफ चोरों ने हरैया थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध सिद्धपीठ दक्षिणमुखी राजदंडी हनुमान मंदिर को निशाना बनाकर लाखों रुपये मूल्य के चांदी के आभूषण और दानपेटी उड़ा ली। घटना की भनक सोमवार सुबह तब लगी जब मंदिर के पुजारी पंडित अजय उपाध्याय नित्य पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे। मंदिर के मुख्य द्वार का ताला टूटा और सामान बिखरा देख उनके होश उड़ गए।

चोरों ने मंदिर से हनुमान जी का चांदी का शीश मुकुट, गदा, चरण पादुका और दानपेटी में रखे हजारों रुपये नकद पर हाथ साफ कर दिया। इतना ही नहीं, शातिर अपराधियों ने राम दरबार से भगवान श्री राम और माता सीता का चांदी का मुकुट भी चुरा लिया। घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और स्थानीय श्रद्धालुओं में गहरा आक्रोश व्याप्त है।

यह चोरी सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है, क्योंकि यह मंदिर भारतीय महावाणिज्य दूतावास परिसदन क्षेत्र में स्थित है। मंदिर के पीछे कस्टम कॉलोनी और आगे कस्टम का मुख्य कार्यालय है, जहां 24 घंटे सुरक्षा प्रहरी तैनात रहते हैं। इतने हाई-सिक्योरिटी जोन में बेखौफ वारदात को अंजाम देकर चोरों ने पुलिस और सुरक्षा तंत्र को सीधी चुनौती दी है। वहीं, मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों के सिर्फ दिखावटी होने और बंद पड़े होने की बात भी सामने आ रही है।

सूचना मिलते ही हरैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की तफ्तीश में जुट गई है। अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटा मामला होने के कारण नेपाल स्थित भारतीय दूतावास और रक्सौल स्थित महावाणिज्य दूतावास को भी घटना की जानकारी दे दी गई है। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व आबकारी स्थित हनुमान मंदिर में भी चांदी के मुकुट की चोरी हुई थी, जिसका सुराग पुलिस आज तक नहीं लगा पाई है। लगातार हो रही इन वारदातों से शहरवासियों में दहशत का माहौल है।(रिपोर्ट:खुशबू एम.)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!