
आदापुर। (Vor desk)। अनुमंडल पदाधिकारी एवं भूमि सुधार उप समाहर्ता ने संयुक्त रूप से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, आदापुर का निरीक्षण किया। इस दौरान चिकित्सकों के ड्यूटी रोस्टर और उपस्थिति की जांच की गयी। अधिकारियों ने दवाओं व अन्य आवश्यक सामग्रियों से संबंधित स्टॉक पंजी का भी अवलोकन किया।
अस्पताल परिसर और विभिन्न वार्डों में साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने एक्स-रे, टीबी जांच एवं उपचार तथा आकस्मिक चिकित्सा सेवाओं की उपलब्धता और संचालन की जानकारी ली। अस्पताल पहुंचे मरीजों व आम लोगों से संवाद कर उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं और समस्याओं के बारे में भी जानकारी प्राप्त की गयी।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल की एंबुलेंस और लॉगबुक की भी जांच की गयी। अधिकारियों ने चिकित्सकों व स्वास्थ्यकर्मियों को ड्यूटी रोस्टर के अनुसार समय पर उपस्थित रहने तथा मरीजों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
अस्पताल परिसर एवं सभी संबंधित कक्षों में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने और मरीजों के लिए उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं का सुचारू एवं प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया।
