Saturday, September 19

150 बच्चों को बांटी पाठ्य सामग्री, शिक्षा के लिए किया प्रेरित

रक्सौल। (Vor desk)। आर्थिक अभाव बच्चों की पढ़ाई में बाधक न बने, इस उद्देश्य से भारत विकास परिषद, शाखा-रक्सौल ने शुक्रवार को ग्राम पंचायत राज हरदिया स्थित नवसृजित प्राथमिक विद्यालय, अनु बस्ती गम्हरिया में सेवा कार्य किया। परिषद ने विद्यालय के 150 जरूरतमंद एवं आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों के बीच किताबें, कॉपियां, पेन, पेंसिल सहित अन्य शैक्षणिक सामग्री वितरित की।

परिषद अध्यक्ष रजनीश प्रियदर्शी ने कहा कि शिक्षा सामाजिक समानता और सशक्तिकरण का प्रभावी माध्यम है। कार्यक्रम संयोजक जीतेन्द्र चौरसिया ने बच्चों को नियमित अध्ययन और अच्छे संस्कार अपनाने के लिए प्रेरित किया। पर्यावरण संयोजक विजय कुमार साह ने शिक्षा के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इस अवसर पर प्रधान शिक्षिका रविता कुमारी को अंगवस्त्र, प्रतीक चिह्न और ‘भारत को जानो’ पुस्तक भेंट कर सम्मानित किया गया। उन्होंने परिषद के सेवा कार्य की सराहना की।

कोषाध्यक्ष सुनील कुमार, संपर्क संयोजक उमेश सिकारिया, सेवा संयोजक सह मीडिया प्रभारी बिमल कुमार सर्राफ और अजय कुमार ने शिक्षा के क्षेत्र में ऐसे प्रयासों को निरंतर जारी रखने की जरूरत बतायी। बच्चों को बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के शिक्षा और सामाजिक समानता संबंधी विचारों से प्रेरणा लेने का संदेश भी दिया गया।

मौके पर जीतेन्द्र चौरसिया, सुनील कुमार, अजय कुमार, आलोक कुमार श्रीवास्तव, शरद सर्राफ, विजय कुमार साह, उमेश सिकारिया, बिमल कुमार सर्राफ, शैलेश कुमार तथा विद्यालय की प्रधान शिक्षिका रविता कुमारी, शिक्षिका कुमारी किरण, म. अफरोज आलम, मीना कुमारी, मनीषा सिंघल और रीता कुमारी मौजूद रहीं। जानकारी उमेश सिकारिया एवं बिमल कुमार सर्राफ ने दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!