Saturday, July 18

महिला उद्यमिता को मिला नया मंच, वीरगंज में विमेन्स क्रिएशन्स क्लब का 22वां समर फेयर का हुआ आयोजित!

वीरगंज।(Vor desk)। महिला उद्यमिता, स्वरोजगार और लघु एवं घरेलू उद्योगों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विमेन्स क्रिएशन्स क्लब द्वारा आयोजित 22वां समर फेयर शनिवार को वीरगंज के एक आवासीय होटल में उत्साहपूर्वक शुरू हुआ। प्रदर्शनी में नेपाल और भारत के उद्यमियों ने अपने उत्पादों का प्रदर्शन किया, जबकि बड़ी संख्या में लोगों ने मेले का अवलोकन कर खरीदारी की।

क्लब की अध्यक्ष रूपा अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन वीरगंज स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास के महावाणिज्यदूत देवी सहाय मीणा ने मुख्य अतिथि के रूप में किया।

अपने संबोधन में महावाणिज्यदूत श्री देवी सहाय मीणा ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ भारत-नेपाल के व्यापारिक और सांस्कृतिक संबंधों को भी नई मजबूती प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि महिला उद्यमियों को बाजार उपलब्ध कराना आत्मनिर्भर समाज की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

कार्यक्रम में समाजसेवी जसपाल सिंह, नेपाल उद्योग वाणिज्य महासंघ, मधेश प्रदेश के उपाध्यक्ष एवं उद्योगपति संजय अग्रवाल, वीरगंज उद्योग वाणिज्य संघ के अध्यक्ष हरि गौतम, वरिष्ठ उपाध्यक्ष माधव राजपाल, पर्सा के प्रमुख जिला अधिकारी (सीडीओ) भोला दाहाल, आंतरिक राजस्व कार्यालय, वीरगंज के प्रमुख टीकाराज चौलागाईं, नेपाल-भारत मैत्री संघ के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार सिंधी, वीरगंज उद्योग वाणिज्य संघ के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ उद्योगपति अशोक वैद्य तथा प्रभु अस्पताल की संचालिका डॉ. लक्ष्मी थापा सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

इसके अलावा क्लब की उपाध्यक्ष श्वेता गुप्ता, पूजा खत्री, मनीषा सचदेवा, नूतन सरावगी सहित क्लब के पदाधिकारी, सदस्य, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, उद्योगपति, व्यवसायी और बड़ी संख्या में आम नागरिक भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

प्रदर्शनी में नेपाल के विभिन्न जिलों तथा भारत से आए उद्यमियों ने हस्तशिल्प, डिजाइनर एवं रेडीमेड परिधान, गृह सज्जा सामग्री, सौंदर्य प्रसाधन, आभूषण, खाद्य उत्पाद तथा अन्य घरेलू उपयोग की वस्तुओं के आकर्षक स्टॉल लगाए। आयोजकों के अनुसार मेले को लोगों का अच्छा प्रतिसाद मिला और पूरे दिन खरीदारी का उत्साह बना रहा।

क्लब की सदस्य नूतन सरावगी ने बताया कि विमेन्स क्रिएशन्स क्लब पिछले 22 वर्षों से महिला उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और विपणन के लिए प्रभावी मंच उपलब्ध करा रहा है। उन्होंने कहा कि क्लब स्थानीय उत्पादों के प्रचार-प्रसार, महिला उद्यमियों के कौशल विकास और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।

आयोजकों के अनुसार, 22वां समर फेयर न केवल महिला उद्यमियों के लिए अपने उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर है, बल्कि इससे भारत और नेपाल के व्यवसायियों के बीच व्यापारिक सहयोग को भी नई दिशा मिल रही है। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और उत्साहपूर्ण माहौल के बीच कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!