
रक्सौल।(Vor desk)। शहर के लक्ष्मीपुर स्थित एस.ए.वी. स्कूल के विद्यार्थियों का उत्कृष्ट प्रदर्शन लगातार जारी है। सुपर-30 और सुपर-50 जैसी प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के बाद अब विद्यालय के एक छात्र ने नीट (NEET) परीक्षा में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय और पूरे रक्सौल का नाम रोशन किया है।
विद्यालय के पूर्व छात्र अनुराग साह ने नीट परीक्षा में 99.038 पर्सेंटाइल प्राप्त कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। अनुराग, पिता परमानंद साह एवं माता आशा देवी के पुत्र हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा एस.ए.वी. स्कूल, रक्सौल से प्राप्त की और आगे की पढ़ाई के माध्यम से चिकित्सा क्षेत्र में अपने सपनों को नई दिशा दी।
अपनी सफलता पर अनुराग ने इसका श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों एवं शिक्षकों को दिया। उन्होंने कहा कि परिवार के सहयोग, शिक्षकों के मार्गदर्शन और नियमित मेहनत के कारण यह उपलब्धि संभव हो सकी।
अनुराग की इस सफलता पर विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। विद्यालय के प्राचार्य साईमन रेक्स, निदेशक अरविंद कुमार सिंह एवं अशोक कुमार सिंह ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि अनुराग की उपलब्धि विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक विक्टर डेका, कुंदन राज, मंदीप कुमार, प्रीति मैम, कंचन मैम, रामभरोश सर सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने अनुराग को शुभकामनाएं दीं और उनके माता-पिता को भी इस सफलता के लिए बधाई दी।
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि एस.ए.वी. स्कूल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है तथा विद्यार्थियों की लगातार मिल रही सफलताएं इसी प्रयास का परिणाम हैं।
