
तत्काल मरम्मत के निर्देश, कहा- लापरवाही बर्दाश्त नहीं; किसानों की फसल और आबादी को सुरक्षित रखने पर जोर
रक्सौल।(Vor desk)। लगातार हो रही बारिश और संभावित बाढ़ के मद्देनजर प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। इसी क्रम में शनिवार को अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) नागमनी कुमार वर्मा ने रामगढ़वा प्रखंड की अहिरौलिया पंचायत के डईनिया टोला स्थित डोरवा नदी के क्षतिग्रस्त तटबंध का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को टूटे हिस्से की तत्काल मरम्मत शुरू कराने का निर्देश दिया।
निरीक्षण में बीडीओ रामगढ़वा, सीओ रामगढ़वा, कार्यक्रम पदाधिकारी, मनरेगा के कनीय अभियंता, जैतापुर एवं अहिरौलिया पंचायत के पंचायत समिति सदस्य सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि तटबंध का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त होने से आसपास के गांवों और कृषि भूमि पर बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम ने मौके पर ही कार्यक्रम पदाधिकारी और मनरेगा के कनीय अभियंता को बिना विलंब मरम्मत कार्य शुरू कराने का निर्देश देते हुए कहा कि कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
एसडीएम नागमनी कुमार वर्मा ने कहा कि लगातार बारिश को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। तटबंध की समय पर मरम्मत होने से बाढ़ के खतरे को कम किया जा सकेगा और किसानों की खड़ी फसल के साथ आसपास की आबादी भी सुरक्षित रहेगी। उन्होंने अधिकारियों को मरम्मत कार्य की नियमित निगरानी तथा गुणवत्ता सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया।
इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने भी तटबंध की जर्जर स्थिति की जानकारी अधिकारियों को दी। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि यदि समय रहते मरम्मत नहीं हुई तो तेज बारिश के दौरान नदी का पानी खेतों और रिहायशी इलाकों में घुस सकता है, जिससे व्यापक नुकसान हो सकता है।
प्रशासन ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि तटबंध की मरम्मत प्राथमिकता के आधार पर कराई जाएगी, ताकि संभावित बाढ़ से जन-धन और फसलों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
