
रक्सौल।(Vor desk)।
बिहार टीचर्स वेल्फेयर एसोसिएशन के तत्वावधान में शनिवार को प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) सह बीडब्ल्यूओ ब्रजेश कुशवाहा के स्थानांतरण पर भावभीनी विदाई एवं नवपदस्थापित बीईओ प्राण रंजन प्रसाद के स्वागत में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा जगत से जुड़े बड़ी संख्या में शिक्षकों और प्रधानाध्यापकों ने भाग लेकर दोनों अधिकारियों का अभिनंदन किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता एसोसिएशन के संरक्षक एवं प्रधानाध्यापक छोटेलाल राय ने की। केंद्रीय कमेटी के अध्यक्ष राजेश कुमार के नेतृत्व में आयोजित समारोह का संचालन प्रधानाध्यापक प्रवीण कुमार श्रीवास्तव ने किया।
समारोह के दौरान प्रधानाध्यापक मुनेश राम ने भगवान गौतम बुद्ध की प्रतिमा (मोमेंटो) भेंट कर ब्रजेश कुशवाहा को सम्मानित किया। वहीं सेवानिवृत्त बीईओ सतीश कुमार श्रीवास्तव, नवपदस्थापित बीईओ प्राण रंजन प्रसाद तथा सेवानिवृत्त शिक्षक नंदलाल साथी को भी शॉल, पुष्पमाला एवं स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
वक्ताओं ने कहा कि ब्रजेश कुशवाहा ने अपने कार्यकाल में विद्यालयों के नियमित निरीक्षण, शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार तथा शिक्षकों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर शिक्षा व्यवस्था को नई मजबूती दी। उनकी सरल, सहज और सहयोगात्मक कार्यशैली ने शिक्षक समुदाय के बीच विशेष पहचान बनाई।
विदाई समारोह में भावुक हुए ब्रजेश कुशवाहा ने कहा कि रक्सौल प्रखंड में उन्हें शिक्षकों और प्रधानाध्यापकों का भरपूर सहयोग मिला, जिसके कारण शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने का अवसर प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि सरकारी विद्यालय समाज के वंचित और अंतिम पायदान पर खड़े बच्चों की सबसे बड़ी उम्मीद हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद शिक्षक अपने समर्पण से इन बच्चों का भविष्य संवार रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि नए बीईओ के नेतृत्व में भी शिक्षा व्यवस्था निरंतर नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगी।
नवपदस्थापित बीईओ प्राण रंजन प्रसाद ने शिक्षकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे सभी के सहयोग से सकारात्मक एवं पारदर्शी वातावरण में कार्य करेंगे। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर शैक्षणिक माहौल को अपनी प्राथमिकता बताया।
समारोह के अंत में शिक्षकों ने शॉल, पुष्पमाला एवं उपहार भेंट कर ब्रजेश कुशवाहा को सम्मानपूर्वक विदाई दी तथा प्राण रंजन प्रसाद का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर प्रधानाध्यापक मनोज कुमार, कमलेश कुमार, आशीष कुमार, बृज किशोर प्रसाद, जवाहर प्रसाद, बलराम प्रसाद, इंदु कुमारी, रोशनी कुमारी, रौनक, प्रियंका कुमारी, मनिंदर सिंह, राजू सिंह, विजय कुमार शाह, मनीष कुमार, निशांत कुमार सिंह, विनय कुमार सिंह, चंद्र प्रकाश, कुंदन कुमार, सुधीर कुमार सिंह, राकेश कुमार आर्य, शुभेंद्र कुमार, राधा कृष्ण प्रसाद यादव, अजीत कुमार श्रीवास्तव, प्रणव कुमार, रामनारायण प्रसाद, राज कुमार प्रसाद, श्री लाल प्रसाद सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
