Saturday, July 18

रक्सौल में दिनदहाड़े हनुमान मंदिर से चांदी का प्राचीन मुकुट चोरी, श्रद्धालुओं में आक्रोश

रक्सौल। (VoR DesK)। रक्सौल शहर के मुख्य पथ स्थित प्रसिद्ध आबकारी हनुमान मंदिर से भगवान बजरंगबली का चांदी का प्राचीन मुकुट चोरी होने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। दिनदहाड़े हुई इस चोरी से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश एवं चिंता का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, घटना शनिवार को करीब 11:00 बजे की है। मंदिर के पुजारी विजय मिश्रा ने बताया कि वह कुछ समय के लिए आवश्यक कार्य से मंदिर से बाहर गए थे। इसी दौरान अज्ञात चोर मंदिर में घुसकर भगवान हनुमान का करीब आधा किलोग्राम वजनी चांदी का प्राचीन मुकुट चोरी कर फरार हो गए। उन्होंने बताया कि मुकुट वर्षों पुराना था और धार्मिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण था।

घटना की जानकारी मिलते ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ जुट गई। पुजारी ने तत्काल इसकी सूचना रक्सौल थाना को दी, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

स्थानीय श्रद्धालु रास बिहारी चौधरी ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि मंदिर में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं, जिसके कारण चोरों की पहचान करने में कठिनाई हो रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ कर संभावित सुराग जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।

गौरतलब है कि यह मंदिर आबकारी थाना के ठीक बगल में स्थित है। ऐसे संवेदनशील स्थान पर दिनदहाड़े चोरी की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस से शीघ्र चोरों की गिरफ्तारी तथा मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा होने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!