
रक्सौल।(Vor desk)। सीमावर्ती क्षेत्रों की महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में 47वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने महत्वपूर्ण पहल की है। नागरिक कल्याण कार्यक्रम (वित्तीय वर्ष 2026-27) के तहत बाह्य सीमा चौकी महादेवा के कार्यक्षेत्र स्थित ग्राम महादेवा में 30 दिवसीय नि:शुल्क सिलाई-कटाई प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में सीमावर्ती क्षेत्र की 15 महिलाओं का चयन किया गया है। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें सिलाई-कटाई का व्यावहारिक ज्ञान दिया जाएगा, ताकि वे भविष्य में स्वरोजगार शुरू कर अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत बना सकें।
कार्यक्रम के उद्घाटन अवसर पर 47वीं वाहिनी के उप कमांडेंट नवीन कुमार साह ने कहा कि एसएसबी का उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्रों की महिलाओं को कौशल विकास के माध्यम से आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। उन्होंने प्रतिभागियों से प्रशिक्षण का पूरा लाभ उठाने और इसे रोजगार का माध्यम बनाने का आग्रह किया।

इस अवसर पर उप कमांडेंट रवि प्रताप वर्मा, ग्राम पंचायत नोनियाडीह के सरपंच प्रतिनिधि वामिक हुसैन, महादेवा समवाय प्रभारी निरीक्षक सही राम, राजकीय मध्य विद्यालय महादेवा के प्रभारी प्रधानाध्यापक सर्वेश सिंह पटेल, स्थानीय जनप्रतिनिधि, मीडियाकर्मी, प्रशिक्षणार्थी महिलाएं तथा 47वीं वाहिनी एसएसबी के अधिकारी एवं जवान मौजूद रहे।
एसएसबी अधिकारियों ने बताया कि नागरिक कल्याण कार्यक्रम के तहत ऐसे कौशल विकास प्रशिक्षण नियमित रूप से आयोजित किए जा रहे हैं। इनका उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्रों की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना, स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना और परिवार की आय बढ़ाने में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है।
